बॉलीवुड के प्रसिद्ध और जाने माने एक्टर दिवंगत ओम पुरी के योगदान को भला कोई कैसे भुला सकता है। उनकी कमी बॉलीवुड आज भी महसूस कर रही है। इसी बीच ओम पुरी से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। ओम पुरी को चाहने वाले दर्शक उन्हें एक बार फिर से सिल्वर स्क्रीन पर देख पाएंगे।
दरअसल, ओम पुरी के जीवन की आखिरी फिल्म खेला होबे देशभर के सिनेमाघरों में 24 फरवरी को रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म के निर्देशक सुनील सी सिन्हा है और निर्माता कुमारी मंजू हैं। फिल्म की कहानी और संवाद रवि कुमार ने लिखे हैं। यह फिल्म थीम आर्ट्स इंटरनेशनल और सुनील सी सिन्हा प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही है।
ओम पुरी के आखरी फिल्म का ट्रेलर पहले ही रीलीज किया जा चुका है जो दर्शकों के बीच खूब पसंद भी किया जा रहा है। फिल्म ‘खेला होबे’ में दिवंगत ओमपुरी के साथ मुग्धा गोडसे, मनोज जोशी, रति अग्निहोत्री, रूशद राणा, राजकुमार कनौजिया, संजय बत्रा, संजय कुमार सोनू, रतन मायाल, पंकज रैना, शाहनवाज प्रधान शेफाली, आर्यन मुख्य भूमिका में है।
बता दें कि ओम पुरी की फिल्म ”खेला होबे” का टाइटल पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के चुनावी नारे से प्रेरित है, क्योंकि उस वक्त इस नारे को पूरे देश में सुर्खियां मिली थीं और अब इस राजनीतिक स्लोगन पर एक बेहतरीन हिंदी फिल्म रिलीज को तैयार है।
इस फिल्म को लेकर निर्देशक सुनील सी सिन्हा ने बताया कि फिल्म खेला होबे एक राजनीतिक और सामाजिक ताने बाने से बना ड्रामा है। ओम पूरी के किरदार में एक कम्युनिटी लीडर की इमेज हैं तो दूसरी तरफ़ थोड़ा हास्य भी है। यह फिल्म उनके चाहने वालो के लिए एक बार फिर ओम पूरी को बड़े पर्दे पर देखने का अवसर देगी।

