Test and ODI Match: भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने एजबेस्टन में चल रहे भारत बनाम इंग्लैंड दूसरे टेस्ट मैच में शानदार दोहरा शतक जड़कर इतिहास रच दिया। इस पारी के साथ गिल ने कई कीर्तिमान अपने नाम किए। वे SENA (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) देशों में दोहरा शतक लगाने वाले पहले एशियाई बल्लेबाज बन गए हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने भारतीय टेस्ट इतिहास में बतौर कप्तान सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी (269 रन) खेलने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है।
इस उपलब्धि के साथ शुभमन गिल उन चुनिंदा दिग्गजों की सूची में शामिल हो गए हैं जिन्होंने वनडे और टेस्ट दोनों फॉर्मेट में दोहरा शतक जमाया है। भारत के लिए अभी तक सिर्फ चार खिलाड़ियों ने यह कारनामा किया है, वहीं एक विदेशी खिलाड़ी भी इस खास लिस्ट में शामिल हैं। आइए डालते हैं इन खिलाड़ियों पर एक नजर:
दिग्गजों की सूची
1. शुभमन गिल
जनवरी 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ हैदराबाद में खेलते हुए शुभमन गिल ने 208 रन की पारी खेली थी और वनडे में दोहरा शतक जड़ने वाले सबसे युवा भारतीय बने थे। अब टेस्ट में भी उन्होंने अपनी बल्लेबाज़ी का लोहा मनवाया। एजबेस्टन टेस्ट में गिल ने पहली पारी में 269 रन ठोककर न सिर्फ टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि खुद को भविष्य का लीजेंड भी साबित कर दिया।
2. क्रिस गेल
वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज़ क्रिस गेल वनडे में दोहरा शतक जड़ने वाले पहले गैर-भारतीय खिलाड़ी हैं। 2015 के वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने महज 147 गेंदों पर 215 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी। टेस्ट में उनके नाम दो ट्रिपल सेंचुरी दर्ज हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 317 और श्रीलंका के खिलाफ 333 रन।
3. रोहित शर्मा
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के नाम वनडे क्रिकेट में अब तक की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का रिकॉर्ड है। 2014 में श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने 264 रन बनाए थे। रोहित वनडे में तीन दोहरे शतक लगाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं। टेस्ट में उन्होंने 2019 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 212 रनों की पारी खेली थी, जो उनका इकलौता टेस्ट डबल सेंचुरी है।
4. सचिन तेंदुलकर
क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने 2010 में वनडे क्रिकेट में पहली बार दोहरा शतक लगाने का इतिहास रचा था। साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने नाबाद 200 रन बनाए थे। टेस्ट में उनके नाम 6 दोहरे शतक हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 241 और बांग्लादेश के खिलाफ 248 की ऐतिहासिक पारियां शामिल हैं।
5. वीरेंद्र सहवाग
सहवाग वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के दूसरे और भारत के दूसरे खिलाड़ी थे। उन्होंने 2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 219 रन बनाए थे। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम भी दो ट्रिपल सेंचुरी हैं। पाकिस्तान के खिलाफ 309 और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 319 रन। इसके अलावा उन्होंने टेस्ट में कई बार दोहरा शतक लगाया है।
ये भी पढ़ें : Akhilesh Yadav: लखनऊ के बाद अब अखिलेश यादव का आजमगढ़ में नया ठिकाना, सपा की पूर्वांचल राजनीति को मिलेगा नया आधार
ये भी देखें : देवकीनंदन ठाकुर को जान से मारने की धमकी! आखिर क्यों मिल रही हैं चेतावनियां एक संत को?