Weather Update: दिल्ली-एनसीआर के लोगों को शनिवार दोपहर आखिरकार गर्मी से राहत मिली, जब झमाझम बारिश ने पूरे क्षेत्र को भिगो दिया। बीते कई दिनों से उमस और तेज गर्मी से परेशान राजधानीवासियों के लिए यह बारिश किसी संजीवनी से कम नहीं रही।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले अनुमान जताया था कि 25 जून तक दिल्ली में मानसून दस्तक देगा, लेकिन कुछ देरी के बाद आखिरकार 28 जून को दिल्ली-NCR के आसमान से राहत की बूंदें जमकर बरसीं। इसके साथ ही दिल्ली के मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला और तापमान में गिरावट आई।
आज भी बारिश की संभावना
रविवार सुबह 7 बजे राजधानी दिल्ली का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, आज अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
इसके साथ ही रविवार के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, दिन भर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
शनिवार को दर्ज तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
बारिश ने सुधारी हवा की गुणवत्ता
शनिवार को हुई अच्छी बारिश का सकारात्मक असर राजधानी की हवा की गुणवत्ता पर भी देखने को मिला। लंबे समय बाद दिल्ली की हवा ‘संतोषजनक’ श्रेणी में दर्ज की गई। एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) के अनुसार, राजधानी के अधिकांश इलाकों में AQI 100 से नीचे रहा, जो आमतौर पर दिल्ली के लिए दुर्लभ होता है।
प्रमुख इलाकों का AQI इस प्रकार रहा
- पूसा: 76
- शादीपुर: 68
- पंजाबी बाग: 74
- नॉर्थ कैंपस डीयू: 68
- मंदिर मार्ग: 71
- द्वारका सेक्टर-8: 85
- चांदनी चौक: 80
- लोदी रोड: 85
- आर.के.पुरम: 90
- आईटीओ: 70
- बुराड़ी: 47
- श्री अरबिंदो मार्ग: 66
- सोनिया विहार: 110
- नेहरू नगर: 88
हालांकि कुछ स्थानों पर AQI 100 से ऊपर भी दर्ज किया गया जैसे मुंडका (129), वजीरपुर (120), एनएसआईटी द्वारका (121), जहांगीरपुरी (112), सिरी फोर्ट (111), लेकिन इनकी संख्या सीमित रही।
लोगों ने ली राहत की सांस
गर्मी से बेहाल जनता के लिए यह बारिश किसी तोहफे से कम नहीं रही। सड़कों पर भी नजारा बदला-बदला सा दिखा। बच्चे बारिश में खेलते नजर आए और लोगों ने ठंडी हवाओं का आनंद लिया। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे राजधानी का मौसम सुहाना बना रह सकता है।
बारिश के साथ हवा की गुणवत्ता में हुआ सुधार न सिर्फ राहत देने वाला है, बल्कि स्वास्थ्य के लिहाज से भी दिल्लीवासियों के लिए राहतभरा संकेत है। उम्मीद की जा रही है कि मानसून के सक्रिय रहने से गर्मी से और राहत मिलेगी और वायु प्रदूषण भी कुछ हद तक नियंत्रित रहेगा।
ये भी पढें : Waqf Law: वक्फ कानून को लेकर सपा विधायक अबू आजमी का बड़ा बयान, कहा – “सरकार को बिल वापस …”
ये भी देखें : Himachal Pradesh: मंडी में ब्यास नदी का जलस्तर हुआ सामान्य, राज्य में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी