Budaun News: उत्तर प्रदेश के दो अलग-अलग जिलों से सोमवार को चौंकाने वाली घटनाएं सामने आई हैं। बदायूं में जहां सुबह-सुबह गांधी ग्राउंड नुमाइश में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई, वहीं गोंडा में सरयू नदी में नहा रहे एक किशोर को मगरमच्छ खींच ले गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
आग से 20 दुकानें जलकर राख
बदायूं के गांधी ग्राउंड नुमाइश में सोमवार सुबह करीब 9 बजे अचानक भीषण आग लग गई। चंद मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 20 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। मेले की ये दुकानें धू-धू कर जलने लगीं, जिससे आसपास के रिहायशी इलाकों में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के दौरान कई गैस सिलेंडरों में धमाके भी हुए, जिससे स्थिति और भयावह हो गई। मौके पर तुरंत फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं और कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
गौरतलब है कि नुमाइश में इस समय करीब 70 दुकानें लगी हुई थीं, जिनमें खेल-तमाशे, खानपान और अन्य सामग्रियों की बिक्री हो रही थी। आग लगने की प्रारंभिक वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मगरमच्छ ने 16 वर्षीय किशोर को खींचा
उधर गोंडा जिले में सरयू नदी के पास एक दर्दनाक घटना घटी है। जानकारी के मुताबिक, 16 वर्षीय किशोर नदी में भैंस नहाने गया था, तभी एक मगरमच्छ ने उसे पानी में खींच लिया। घटना के बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची और किशोर की तलाश के लिए राहत व बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
चौंकाने वाली बात यह है कि पिछले एक महीने में यह दूसरी ऐसी घटना है, जब मगरमच्छ ने किसी इंसान को अपना शिकार बनाया है। इससे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से नदी किनारे मगरमच्छों की संख्या की जांच और सुरक्षा इंतज़ाम बढ़ाने की मांग की है।
ये भी पढें : Delhi Weather Update: दिल्ली-NCR में आज फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी, उमस से हाल-बेहाल
ये भी देखें : Bihar Politics: कैसा है BJP का वॉर रूम? बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज!

