WTC Final: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल की मेज़बानी का सपना अभी अधूरा ही रह गया है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की ओर से बीसीसीआई को बड़ा झटका लगने जा रहा है। टेलीग्राफ की रिपोर्ट के अनुसार, आगामी तीन वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल भी इंग्लैंड में ही आयोजित किए जाएंगे।
आठ साल तक इंतजार करेगा भारत
अगर रिपोर्ट की मानें, तो बीसीसीआई को WTC फाइनल की मेज़बानी के लिए अब 2029-31 सीजन तक इंतजार करना होगा। जुलाई 2025 में सिंगापुर में होने वाली ICC की एनुअल कॉन्फ्रेंस में इस फैसले का आधिकारिक ऐलान हो सकता है। यदि ऐसा होता है, तो भारत को अगला मौका मिलने में आठ साल से भी अधिक का समय लग जाएगा।
बीसीसीआई की कोशिशें रही नाकाम
बीसीसीआई पिछले छह वर्षों से लगातार यह प्रयास कर रहा है कि भारत में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल कराया जा सके। बीसीसीआई के बढ़ते अंतरराष्ट्रीय प्रभाव और वर्तमान में आईसीसी चेयरमैन पद पर जय शाह की मौजूदगी के बावजूद भारत को मेज़बानी नहीं मिल पाई है। यह बात क्रिकेट प्रेमियों के लिए निराशाजनक हो सकती है।
इंग्लैंड बना WTC फाइनल का स्थायी ठिकाना
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की शुरुआत से अब तक हर फाइनल इंग्लैंड में ही खेला गया है। पहला फाइनल 2021 में भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच साउथेम्प्टन में खेला गया था। दूसरा फाइनल 2023 में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लंदन के ओवल मैदान पर हुआ। वहीं तीसरा फाइनल 2025 में लॉर्ड्स मैदान पर ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा।
भारत क्यों नहीं बन पाया मेज़बान?
भारत में टेस्ट मैचों की लोकप्रियता, क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर और BCCI की ताकत के बावजूद ICC द्वारा मेज़बानी का अवसर न देना कई सवाल खड़े करता है। माना जा रहा है कि ICC को इंग्लैंड के मौसम और सुविधाएं अधिक अनुकूल लगती हैं, क्योंकि जून के महीने में भारत में मानसून की शुरुआत हो जाती है, जो आयोजन में बाधा बन सकती है।
ये भी पढें : Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद में बड़ा विमान हादसा, टेकऑफ के दो मिनट बाद क्रैश हुआ AI-171, 242 लोग थे सवार
ये भी देखें : Ahmedabad Plane Crash: कैसे हुआ एअर इंडिया का प्लेन क्रैश?, 2 मिनट के अंदर कैसे मची अफरा- तफरी!

