Lalitpur News: ललितपुर जिले में सोमवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। जिले के कोतवाली सदर क्षेत्र अंतर्गत ललितपुर-सागर नेशनल हाईवे के किनारे उत्तर प्रदेश पुलिस के दरोगा जितेंद्र सिंह का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान बिरधा चौकी इंचार्ज के रूप में हुई है।
घटनास्थल से बरामद हुए अहम सुराग
स्थानीय राहगीरों ने सुबह शव को हाईवे किनारे पड़ा देखा। शव के पास ही एक मोटरसाइकिल, पिस्टल, पानी की बोतल और हेलमेट भी मिला। लोगों ने जब पास जाकर देखा, तो पहचान हुई कि मृतक दरोगा जितेंद्र सिंह हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर एसपी मोहम्मद मुश्ताक, अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर अजय और कोतवाली प्रभारी तत्काल पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कैसे हुई मौत? हादसा, आत्महत्या या साजिश?
मामला जितना सीधा (Lalitpur News) नजर आता है, उतना है नहीं। अभी तक पुलिस इस बात की पुष्टि नहीं कर पाई है कि दरोगा की मौत दुर्घटना, आत्महत्या या किसी हमले का नतीजा है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जितेंद्र सिंह बिरधा चौकी की ओर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। हालांकि, उनके शव के पास से मिले पिस्टल और अन्य वस्तुएं कई सवाल खड़े करती हैं। फिलहाल पुलिस अधिकारी इस मामले में कोई भी आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं, लेकिन जांच के हर एंगल हत्या, आत्महत्या और दुर्घटना की गहराई से पड़ताल की जा रही है।

