Covid 19 Latest Updates: देशभर में एक बार फिर कोरोना वायरस (Covid-19) के मामले तेजी से बढ़ते नजर आ रहे हैं। इस बढ़ते संक्रमण की आहट अब दिल्ली से सटे नोएडा में भी सुनाई देने लगी है। सोमवार को जहां एक महिला के संक्रमित पाए जाने के बाद पहला मामला सामने आया था, वहीं मंगलवार को एक साथ 9 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही नोएडा में अब कुल 10 एक्टिव केस हो चुके हैं। सभी मरीजों को फिलहाल होम आइसोलेशन में रखा गया है।
नोएडा में सोमवार को 55 वर्षीय एक महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई थीं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए टेस्टिंग की रफ्तार तेज कर दी। नतीजा यह रहा कि मंगलवार को 9 नए संक्रमितों की पहचान की गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने जताई चिंता
नोएडा में जिस रफ्तार से मामले सामने आ रहे हैं, उसे लेकर स्वास्थ्य विभाग ने चिंता जाहिर की है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में मामलों की संख्या और भी अधिक हो सकती है। सरकार ने सभी अस्पतालों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। ऑक्सीजन सपोर्ट, आईसीयू बेड और अन्य जरूरी संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आदेश जारी किए गए हैं।
देशभर में संक्रमण की रफ्तार बढ़ी
देश के अन्य हिस्सों में भी कोरोना की रफ्तार फिर से तेज हो गई है। पिछले एक हफ्ते में भारत में 1,000 से अधिक नए मामले सामने आए हैं। अकेले सोमवार को ही 752 मामलों की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई। केरल इस बार सबसे ज्यादा सक्रिय मामलों वाला राज्य बनकर सामने आया है। उसके बाद महाराष्ट्र और फिर दिल्ली का स्थान है। दिल्ली से सटे होने के कारण नोएडा में भी संक्रमण फैलने की आशंका अधिक बनी हुई है। विशेषज्ञों का मानना है कि लोगों की लापरवाही, बिना मास्क के सार्वजनिक स्थलों पर जाना और भीड़-भाड़ से दूरी न बनाना संक्रमण की दर को बढ़ा सकता है।
मौतों के आंकड़े भी बढ़ा रहे चिंता
मामलों (Covid 19 Latest Updates) के साथ-साथ मौतों का आंकड़ा भी लोगों को डराने लगा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि सभी मौतें कोरोना के कारण ही हुई हैं या किसी अन्य कारण से। फिर भी, इन मौतों ने एक बार फिर लोगों के मन में डर और सतर्कता की भावना को बढ़ा दिया है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे घबराएं नहीं, लेकिन जरूरी एहतियात जरूर बरतें। मास्क पहनना, सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखना और हाथों को बार-बार सैनिटाइज करना पहले की तरह ही जरूरी है। इसके साथ ही हल्के लक्षणों पर भी तुरंत टेस्ट कराने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें : ED Raid: जेपी ग्रुप पर ईडी का शिकंजा, 12,000 करोड़ के घोटाले में 15 ठिकानों पर छापेमारी
ये भी देखें : Maharashtra Politics: नए वक्फ कानून पर भड़के ओवैसी!, आखिर क्यों घेरा मोदी सरकार?

