Delhi Weather: राजधानी दिल्ली में मई का महीना मौसम के लिहाज से कई उतार-चढ़ाव लेकर आया है, और अब माह के आखिरी सप्ताह में मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आगामी दिनों में दिल्ली में आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.3 डिग्री कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा। इसके साथ ही हवा में नमी का स्तर 90 से 59 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया, जिससे मौसम सुहावना बना रहा।
दिल्ली में बीते कुछ दिनों की बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। साथ ही, वायु गुणवत्ता में भी सुधार देखा गया है, जिससे नागरिकों को प्रदूषण से कुछ राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। साथ ही, आंधी-तूफान की भी संभावना जताई गई है। अनुमान है कि अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
30 और 31 मई को फिर सक्रिय होगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया है कि 30 और 31 मई को दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान और बारिश की स्थिति फिर बन सकती है। इन दोनों दिनों के लिए मौसम विभाग ने ‘यलो अलर्ट’ भी जारी किया है, जिससे आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वर्तमान मौसम प्रणाली के अनुसार, 29 मई तक राजधानी में मौसम लगभग इसी प्रकार बना रहेगा – हल्के बादल, कभी तेज धूप तो कभी आंधी के आसार।
जनजीवन पर प्रभाव और तैयारी
बारिश और आंधी-तूफान (Delhi Weather) के चलते यातायात प्रभावित हो सकता है, और कुछ क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
ये भी पढ़ें : ED Raid: जेपी ग्रुप पर ईडी का शिकंजा, 12,000 करोड़ के घोटाले में 15 ठिकानों पर छापेमारी
ये भी देखें : Maharashtra Politics: नए वक्फ कानून पर भड़के ओवैसी!, आखिर क्यों घेरा मोदी सरकार?

