Indian Economy: भारत ने वैश्विक आर्थिक मंच पर एक नया इतिहास रच दिया है। अब भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और उसने जापान को पीछे छोड़ते हुए यह महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है। यह जानकारी नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बीवीआर सुब्रमण्यम ने शनिवार को नीति आयोग की गवर्निंग काउंसिल की 10वीं बैठक के बाद दी।
सीईओ सुब्रमण्यम ने बताया कि भारत अब 4 ट्रिलियन डॉलर (चार हजार अरब डॉलर) की अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने कहा, “हम अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी इकोनॉमी हैं। यह एक ऐतिहासिक पल है, जो दर्शाता है कि भारत तेज़ी से वैश्विक आर्थिक शक्ति बनता जा रहा है।”
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के हालिया आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था ने जापान को पीछे छोड़ दिया है। अब केवल अमेरिका, चीन और जर्मनी ही भारत से आगे हैं।
जल्द हासिल कर सकता है तीसरे स्थान का मुकाम
बीवीआर सुब्रमण्यम ने यह भी दावा किया कि भारत अपनी योजनाओं के अनुसार आगे बढ़ रहा है और अगर सब कुछ योजना के अनुरूप चलता रहा, तो अगले ढाई से तीन वर्षों में भारत जर्मनी को भी पीछे छोड़कर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है।
उन्होंने कहा, “यह उपलब्धि ऐसे समय में आई है जब वैश्विक स्तर पर आर्थिक चुनौतियाँ और अमेरिका में टैरिफ को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। इसके बावजूद भारत लगातार मजबूती से आगे बढ़ रहा है।”
Apple iPhone पर नीति आयोग की राय
जब अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा Apple iPhone पर संभावित टैरिफ लगाने को लेकर सवाल किया गया, तो सीईओ सुब्रमण्यम ने कहा, “हमें उम्मीद है कि अमेरिका में बिकने वाले iPhone का निर्माण अमेरिका में ही होगा, न कि भारत या किसी और देश में। टैरिफ की दिशा क्या होगी, यह कहना अभी कठिन है, लेकिन भारत निर्माण के लिहाज़ से आज भी सबसे किफायती और उपयुक्त स्थान बना हुआ है।”
ये भी पढ़ें : ED Raid: जेपी ग्रुप पर ईडी का शिकंजा, 12,000 करोड़ के घोटाले में 15 ठिकानों पर छापेमारी
ये भी देखें : Maharashtra Politics: नए वक्फ कानून पर भड़के ओवैसी!, आखिर क्यों घेरा मोदी सरकार?

