चीन की रहने वाली एक महिला ने हैरतअंगेज दावा किया है। दावा भी ऐसा किया है कि जिससे जापान की नींद उड़ गई है। जापान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक चीनी महिला ने यह दावा किया है कि उसने जापान के ओकिनावा प्रांत में एक द्वीप को खरीद लिया है। उसके इस दावे के बाद जापान सकते में आ गया है।
हालांकि, उस चीनी महिला की पहचान उजागर नहीं की गई है और उसकी उम्र 30 के आसपास बताई जा रही है। बता दें कि महिला ने जिस द्वीप पर दावा किया है वह द्वीप ओकिनावा प्रांत के उत्तर में स्थित है और उसका एक हिस्सा टोक्यो स्थित कंसल्टिंग फर्म के स्वामित्व में है। महिला का दावा है कि यह फर्म, उसके एक रिश्तेदार की कंपनी है।
चीनी महिला ने जिस फर्म को अपने रिश्तेदार का बताया है उसका कार्यालय ओकिनावा प्रांत के इजेना गांव में ही स्थित है। बता दें कि फर्म के कार्यालय ने यह जानकारी दी है कि उसके पास द्वीप की कुल भूमि का लगभग आधा हिस्सा उसके स्वामित्व में है यानि द्वीप का लगभग 50 प्रतिशत हिस्सा उसके पास है। एक रिपोर्ट में बताया गया है कि इसके समुद्र तटों को ज्यादातर स्थानीय सरकार द्वारा नियंत्रित किया जाता है।
चीनी महिला ने वीडियो साझा कर किया दावा
गौरतलब है कि इस द्वीप को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हुआ है। ऐसा माना जा रहा है कि यह वायरल वीडियो कथित रूप से उसी महिला द्वारा साझा किया गया है जिसमें वह यनाहा द्वीप पर दिख रही है।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि महिला कई घंटों तक यनाहा द्वीप पर रही और स्थानीय क्षेत्रों की तस्वीरें और फुटेज लीं। रिपोर्ट में कहा गया है कि वीडियो में कंसल्टिंग फर्म को संबंधित एक दस्तावेज भी दिखाया गया है, जो अपनी वेबसाइट पर यनाहा द्वीप का अधिग्रहण करने का दावा करती है।

