दिल्ली के मेयर और उप मेयर के चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। दिल्ली के उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने 16 फ़रवरी को चुनाव कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। उप राजयपाल सक्सेना ने कहा कि ‘दिल्ली के मुख्यमंत्री की सिफारिश के अनुसार मैं मेयर, डिप्टी मेयर और स्थाई समिति के 6 सदस्यों के चुनाव के लिए डॉ. एसपी मुखर्जी सिविक सेंटर में गुरुवार, 16 फरवरी को दिल्ली नगर निगम की बैठक कराने के प्रस्ताव को मंजूरी देता हूं।’
बता दें कि इससे पहले तीन बार दिल्ली के मेयर और उप मेयर के चुनाव की कोशिशें की गयी थी लेकिन एमसीडी हाउस में तीनों बार हंगामे को लेकर स्थगित कर दिया गया था। हंगामे के कारण चुनाव की कोशिशें असफल रही हैं। आम आदमी पार्टी और भाजपा ने चुनाव टालने को लेकर एक दूसरे को जिम्मेदार ठहराया। इसके बाद आम आदमी पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की और दिल्ली एमसीडी के लिए मेयर का चुनाव को स्थगित किए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी कार्यालय के बाहर भी विरोध प्रदर्शन किया।
गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उप राज्यपाल वीके सक्सेना से 13 और 14 फरवरी को मेयर का चुनाव कराने को कहा था। बहरहाल एमसीडी ने जब कहा कि इससे जुड़ा एक मामला 13 फरवरी को सुप्रीम कोर्ट के सामने सुनवाई के लिए लंबित है। इसलिए केजरीवाल सरकार 16 फरवरी को मेयर चुनाव कराने की एमसीडी की योजना पर सहमत हो गई। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने मेयर का चुनाव जल्द कराने की याचिका पर एलजी, एमसीडी के पीठासीन अधिकारी और अन्य लोगों से अपने कमेंट भेजने का अनुरोध किया था।

