CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को कासगंज दौरे पर पहुंचे और जिले को ₹724 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। सीएम योगी करीब 11:27 बजे पुलिस लाइन पहुंचे, जहां उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा के सामने दीप जलाकर और माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्हें रुद्राक्ष का पौधा भी भेंट किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित पुलिस लाइन सहित जिले की कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। वह लगभग ढाई से तीन घंटे तक जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कहा उत्तर प्रदेश अब एक नया उत्तर प्रदेश बन रहा है। राज्य में व्यापक स्तर पर बुनियादी ढांचे का विकास हो रहा है। कासगंज के लिए यह दिन ऐतिहासिक है, क्योंकि ₹724 करोड़ की परियोजनाएं आज मूर्त रूप ले रही हैं।
सोरों का विकास, अयोध्या की तर्ज पर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि पवित्र स्थल सोरों का विकास अब अयोध्या की तर्ज पर किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने जिले में एक म्यूजियम के निर्माण, दरियागंज झील के सौंदर्यीकरण और नदरई पुल की मरम्मत व सौंदर्यीकरण जैसी परियोजनाओं को मंजूरी दी। सीएम योगी ने कहा यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे भगवान बाराह की जन्मस्थली की इस पुण्य धरा पर आने का अवसर मिला। इस धरती को नमन करता हूं।
डबल इंजन सरकार और राष्ट्रीय सुरक्षा पर बात
विकास की गति पर बोलते हुए मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने डबल इंजन की सरकार को विकास का इंजन बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तर प्रदेश को नए आयामों की ओर ले जा रही हैं। ऑपरेशन सिंदूर पर बोलते हुए सीएम योगी ने कहा, भारत की सेना ने दुश्मनों को ऐसा सबक सिखाया है जिसे वे कभी नहीं भूल पाएंगे। भारत अब स्पष्ट संदेश देता है, यदि हमारे एक भी नागरिक की जान जाएगी, तो हम दुश्मन को उसके घर में घुसकर मारेंगे।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, आंधी और हल्की बारिश से मिली गर्मी से राहत
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

