Delhi News: राजधानी दिल्ली के शाहदरा इलाके में रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मकान के ग्राउंड फ्लोर पर ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान आग लग गई। आग की लपटों और धुएं के चलते पूरे घर में दम घुटने जैसी स्थिति बन गई, जिससे वहां सो रहा एक परिवार चपेट में आ गया। इस हादसे में दो बच्चों समेत कुल छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धुएं से भर गया घर, दम घुटने से बिगड़ी हालत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा चार्ज करने के दौरान अचानक उसमें आग लग गई। आग लगते ही चारों तरफ धुआं फैल गया जो तेजी से पूरे मकान में भर गया। इसी मकान के बगल के कमरे में एक परिवार सो रहा था, जो धुएं की चपेट में आ गया। दम घुटने के कारण सभी की हालत बिगड़ गई और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
एक व्यक्ति झुलसा, हालत स्थिर
दिल्ली पुलिस ने सोमवार को जानकारी दी कि इस घटना में 30 वर्षीय सनी नामक युवक 5 से 10 प्रतिशत तक झुलस गया है। उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट रूप से आग लगने की असली वजह सामने आ सकेगी।
ई-रिक्शा चार्जिंग में लापरवाही बनी खतरा
यह घटना राजधानी (Delhi News) में तेजी से बढ़ रही ई-रिक्शा चार्जिंग की व्यवस्था और उससे जुड़ी सुरक्षा चिंताओं को फिर से सामने लाती है। अक्सर देखा गया है कि घरों के भीतर या बिना सुरक्षा उपायों के ई-रिक्शा चार्ज करना गंभीर हादसों का कारण बनता है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों से बचने के लिए सुरक्षित चार्जिंग स्टेशन और उचित वायरिंग की व्यवस्था होनी चाहिए।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, आंधी और हल्की बारिश से मिली गर्मी से राहत
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

