Delhi Weather: राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में मौसम लगातार करवट ले रहा है। कभी तेज धूप लोगों को झुलसा रही है तो कभी अचानक हुई बारिश से मौसम सुहावना हो जाता है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आगामी छह दिनों तक दिल्ली में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है, जिससे लू से कुछ राहत मिल सकती है।
लू नहीं, पर उमस से राहत नहीं
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में राजधानी में लू चलने की संभावना नहीं है। लेकिन उमस बढ़ेगी, जिससे लोगों को चिपचिपे और भारी मौसम का सामना करना पड़ेगा। दिन के समय बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है, जो कुछ स्थानों पर 50 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।
रविवार रहा बेहद गर्म
रविवार को दिल्लीवासियों को खासा गर्मी का सामना करना पड़ा। दिनभर आसमान साफ रहा और तीखी धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री रहा। दिल्ली के पालम क्षेत्र में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो पूरे शहर में सबसे अधिक रहा। वहीं, पीतमपुरा में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री दर्ज किया गया।
हल्की बारिश और तेज हवाएं
सोमवार (Delhi Weather) को मौसम में थोड़ी नरमी आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा हो सकती है और तेज हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे के बीच रह सकती है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। पूर्वानुमानों के अनुसार, यह मिला-जुला मौसम पूरे सप्ताह दिल्ली में बना रह सकता है। दिन में बादल, तेज हवाएं और हल्की बारिश के चलते तापमान नियंत्रित रहेगा, लेकिन उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, आंधी और हल्की बारिश से मिली गर्मी से राहत
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

