Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। कभी तेज धूप लोगों को बेहाल कर रही है, तो कभी अचानक हुई हल्की बारिश से मौसम में ठंडक घुल जाती है। राजधानी के निवासी इस अनिश्चित मौसम से जूझ रहे हैं, जहां एक ओर गर्मी का असर बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर बादल और हवाएं थोड़ी राहत भी दे रही हैं।
तापमान का उतार-चढ़ाव
मंगलवार (14 मई) को राजधानी में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन में धूप के कारण गर्मी काफी तेज महसूस की गई, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने करवट ली और हल्की ठंडक का एहसास हुआ।
धूल भरे मौसम से परेशान दिल्लीवासी
दिल्ली के कई इलाकों में धूल भरा मौसम छाया रहा। अक्षरधाम मंदिर के आसपास की तस्वीरों में आसमान में धुंध और धूल साफ नजर आई। यही हाल दिल्ली के अन्य इलाकों में भी देखा गया, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई और सांस की समस्याओं से जूझ रहे लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग (Delhi Weather) ने आगामी दिनों के लिए जो पूर्वानुमान जारी किया है, उसके मुताबिक 15 और 16 मई को अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इन दोनों दिनों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 17 और 18 मई को अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम गर्म रहेगा, लेकिन हवाएं राहत दे सकती हैं। 19 और 20 मई को तापमान में थोड़ी और गिरावट देखने को मिल सकती है। अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
तेज धूप और गर्म हवाओं से बचने के लिए जरूरी है कि लोग दिन के समय बाहर निकलते समय छाता, टोपी या सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और हल्के कपड़े पहनना इस मौसम में खासतौर पर जरूरी है। धूल भरे मौसम से बचने के लिए मास्क पहनना भी फायदेमंद रहेगा।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, आंधी और हल्की बारिश से मिली गर्मी से राहत
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

