Gurugram: हरियाणा के गुरुग्राम से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सड़क किनारे चाय-समोसे की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना मंगलवार सुबह फर्रुखनगर के झज्जर चौक पर हुई, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। मृतक की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है, जो पूर्व पार्षद मुकेश सैनी का रिश्तेदार बताया जा रहा है।
समोसे को लेकर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम कुछ युवक दुकान पर समोसे खरीदने आए थे, जहां किसी बात को लेकर उनका राकेश से विवाद हो गया। युवकों ने विवाद के दौरान राकेश को धमकाया और जान से मारने की धमकी दी। दुकान के आसपास के लोगों का कहना है कि राकेश ने पहले भी कई बार पुलिस से सुरक्षा की मांग की थी, लेकिन उसे नजरअंदाज कर दिया गया।
हथियारबंद हमलावरों ने की हत्या
मंगलवार सुबह जब राकेश अपनी दुकान पर मौजूद था, तभी हथियारबंद हमलावरों ने उसे गोली मार दी। गोली लगते ही राकेश की मौके पर ही मौत हो गई। इस वारदात से इलाके में तनाव फैल गया और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। हत्या की खबर फैलते ही मृतक के परिवार, स्थानीय दुकानदारों और कस्बे के लोगों ने झज्जर चौक पर प्रदर्शन कर सड़क को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सुरक्षा की मांग के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिसका नतीजा आज देखने को मिला।
पुलिस का आश्वासन और एफआईआर दर्ज
प्रदर्शन (Gurugram) के दौरान मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और लापरवाह पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने सड़क से जाम हटाया। फर्रुखनगर थाने में पांच संदिग्धों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हत्या समोसे को लेकर हुए विवाद का नतीजा है। आरोपी की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
ये भी पढ़ें : Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने बदली करवट, आंधी और हल्की बारिश से मिली गर्मी से राहत
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

