Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सोशल मीडिया पर अपनी बेटी के नाम से बनाए गए फर्जी पेज और उस पर की जा रही विवादित व आपत्तिजनक पोस्ट्स को लेकर बेहद नाराज़ हैं। उन्होंने इसे एक सुनियोजित साजिश बताया है और सरकार पर मौन समर्थन देने का गंभीर आरोप लगाया है।
क्या है मामला?
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए बताया कि उनकी बेटी के नाम से एक फर्जी फेसबुक पेज बनाया गया है, जिस पर उनके परिवार और पार्टी से जुड़े लोगों के नाम व तस्वीरों का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने लिखा इससे हमारा कुछ भी लेना-देना नहीं है। यह एक साज़िश है।
FIR जैसी चेतावनी, साइबर सेल पर उठाए सवाल अखिलेश यादव ने इस पूरे मामले को बेहद गंभीर बताते हुए चेतावनी भरे लहजे में कहा चार घंटे पूरे हुए। इसे हमारी FIR से कम न समझा जाए। उन्होंने आगे कहा कि उनकी नज़र में ऐसी कई पोस्ट आई हैं जो बेहद आपत्तिजनक हैं। कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उनके परिवार और पार्टी नेताओं के मिलते-जुलते नामों और तस्वीरों का गलत इस्तेमाल करके निंदनीय सामग्री पोस्ट की जा रही है।
साजिश या अनभिज्ञता?
सपा प्रमुख ने इन हरकतों को राजनीतिक और आर्थिक साजिश का हिस्सा बताया। उन्होंने यह भी कहा कि हो सकता है कि कुछ लोग अनजाने में किसी और के इशारे पर इस्तेमाल किए जा रहे हों। इन सबके पीछे या तो किसी की राजनीतिक मंशा है या फिर ऐसे लोगों की अनभिज्ञता है जिन्हें नहीं पता कि वे किसके लिए मोहरा बन रहे हैं।
साइबर सेल पर तंज
अखिलेश (Akhilesh Yadav) ने भाजपा सरकार की साइबर सिक्योरिटी सेल पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अगर सरकार चाहे तो ऐसे लोगों को 24 घंटे क्या, 24 मिनट में भी पकड़ सकती है।
उसे तो बस ऊपर से आदेश का इंतज़ार है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने पूरे साक्ष्य संलग्न कर दिए हैं और अब सरकार की मंशा पर नजर रखी जाएगी।
ये भी पढ़ें : Asaduddin Owaisi : “अब पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त आ गया है” पहलगाम हमले पर बोले ओवैसी
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

