Operation SIndoor: भारत और पाकिस्तान के बीच कल शाम 5 बजे सीजफायर का ऐलान हुआ था, लेकिन यह शांति ज्यादा देर टिक नहीं सकी। महज तीन घंटे के भीतर ही पाकिस्तान ने एक बार फिर सीजफायर का उल्लंघन कर दिया। पाकिस्तान की ओर से न सिर्फ गोलाबारी की गई, बल्कि ड्रोन के जरिए भारत की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी गई।
ड्रोन अटैक और फायरिंग की घटनाएं कई क्षेत्रों में
रक्षा सूत्रों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के बारामूला और श्रीनगर में ड्रोन गतिविधि देखी गई, जिसे भारतीय सुरक्षाबलों ने समय रहते मार गिराया। इसी तरह, अखनूर, राजौरी और आरएस पुरा सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से भारी तोपों से फायरिंग की गई। पलांवाला सेक्टर से भी गोलाबारी की खबरें सामने आई हैं।
सिर्फ जम्मू-कश्मीर ही नहीं, राजस्थान के पोखरण में भी एक पाकिस्तानी ड्रोन को भारतीय सेना ने निशाना बना कर गिरा दिया। पंजाब के गुरदासपुर, फिरोजपुर, पठानकोट, होशियारपुर, जालंधर और फरीदकोट जैसे सीमावर्ती जिलों में भी ड्रोन देखे गए, जिससे सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं।
भारत ने दी सख्त चेतावनी, सेना को मिली खुली छूट
पाकिस्तान के इस सीजफायर उल्लंघन को लेकर भारत सरकार ने कड़ा रुख अपनाया। देर रात करीब 11 बजे विदेश मंत्रालय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने पाकिस्तान को साफ शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को इस गंभीर उल्लंघन के लिए तुरंत जिम्मेदारी तय करनी चाहिए और ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। विक्रम मिसरी ने यह भी स्पष्ट किया कि भारतीय सेना को खुली छूट दे दी गई है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना पूरी सतर्कता के साथ हालात पर नजर बनाए हुए है और उसे ठोस, सख्त कदम उठाने के आदेश दे दिए गए हैं।
86 घंटे के संघर्ष के बाद हुआ था सीजफायर
गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले कुछ दिनों से सीमावर्ती क्षेत्रों में भारी संघर्ष चल रहा था, जो 86 घंटे तक चला। इसके बाद शाम 5 बजे दोनों देशों के बीच सीजफायर का ऐलान हुआ था। मगर पाकिस्तान ने एक बार फिर भरोसे को तोड़ते हुए महज तीन घंटे में ही इस समझौते का उल्लंघन कर दिया।
भारतीय सेना का जवाब, रातभर अलर्ट पर रहे सुरक्षा बल
पाकिस्तान (Operation SIndoor) की इस हरकत के बाद भारतीय सेना ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए मुंहतोड़ जवाब दिया। LOC और अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकटवर्ती क्षेत्रों में सेना और सुरक्षाबल पूरी रात अलर्ट पर रहे। सूत्रों के अनुसार, कई पाकिस्तानी ठिकानों को भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई में निशाना भी बनाया।
ये भी पढ़ें : Asaduddin Owaisi : “अब पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त आ गया है” पहलगाम हमले पर बोले ओवैसी
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

