Operation Sindoor: भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारतीय राजनीति में भी प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है। इसी कड़ी में बीजेपी के राज्यसभा सांसद गुलाम अली खटाना ने पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि भारत कभी युद्ध नहीं चाहता, लेकिन आतंक के सामने कभी झुकेगा भी नहीं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को अब न्याय का सामना करना होगा।
“भारत एक जिम्मेदार और शक्तिशाली राष्ट्र है”
गुलाम अली खटाना ने अपने बयान में कहा हम युद्ध नहीं चाहते, भारत कभी युद्ध नहीं चाहता। भारत एक जिम्मेदार और शक्तिशाली देश है। लेकिन पाकिस्तान को समझना चाहिए कि भारत की सरकार जनता द्वारा चुनी जाती है, और निर्दोष नागरिकों की हत्या अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत आतंकवाद का समर्थन करने वाले किसी भी देश को बख्शेगा नहीं, और जब बात देशवासियों की सुरक्षा की हो, तो भारत चुप नहीं बैठ सकता।
“पीड़ितों को न्याय दिलाना अनिवार्य था”
सांसद खटाना ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस कायराना हरकत में 26 निर्दोष लोगों की जान गई थी, और हमले का उद्देश्य आम नागरिकों को चुन-चुनकर मारना था। ऐसे हमलों का जवाब देना आवश्यक था, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सशस्त्र सेनाओं ने आतंकवादियों के बुनियादी ढांचे की पहचान कर उन्हें तबाह कर दिया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई न्याय की दिशा में एक मजबूत कदम है और भारत आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर आगे बढ़ रहा है।
“हम जो कहते हैं, वो करते हैं”
खटाना (Operation Sindoor) ने याद दिलाया कि भारत पहले भी पुलवामा और उरी जैसे हमलों का करारा जवाब दे चुका है। हमने पहले भी आतंकियों के ठिकानों को ध्वस्त किया था, जिसके बाद कुछ समय के लिए सीमा पर शांति आई थी। लेकिन पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आता। इस बार भी ऑपरेशन सिंदूर के तहत उसे एक कड़ा सबक दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की कार्रवाइयां सिर्फ जवाब नहीं, बल्कि न्याय की स्थापना हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन अभियानों के सबूत भी सामने आएंगे और पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेनकाब किया जाएगा।
ये भी पढ़ें : Asaduddin Owaisi : “अब पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त आ गया है” पहलगाम हमले पर बोले ओवैसी
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

