Delhi Metro: दिल्लीवासियों के लिए एक अहम सूचना सामने आई है। अगर आप पिंक लाइन (मजलिस पार्क से शिव विहार) से सफर करते हैं, तो आने वाले दिनों में आपको थोड़ी असुविधा झेलनी पड़ सकती है। दरअसल, मजलिस पार्क से मौजपुर तक मेट्रो फेज-4 के तहत निर्माण कार्य जारी है, जिसके चलते दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने इस रूट पर चलने वाली मेट्रो ट्रेनों की टाइमिंग में अस्थायी बदलाव किया है। यह परिवर्तन 6 मई से 10 मई तक प्रभावी रहेगा।
कुछ रूट पर सुबह की पहली ट्रेन अब देरी से चलेगी
DMRC ने जानकारी दी है कि मजलिस पार्क से मौजपुर तक निर्माण गतिविधियों के चलते पिंक लाइन के कई स्टेशनों से सुबह की पहली मेट्रो ट्रेन सामान्य समय से 12 मिनट से लेकर 1 घंटा 10 मिनट तक देरी से चलाई जाएगी। इसका असर उन यात्रियों पर पड़ेगा जो सुबह जल्दी यात्रा करते हैं, इसलिए यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे पहले से योजना बनाकर सफर करें।
नई शुरुआती टाइमिंग
- शिव विहार: सुबह 7:00 बजे (पहले 6:00 बजे)
- मौजपुर-बाबरपुर: सुबह 7:10 बजे (पहले 6:00 बजे)
- दुर्गाबाई देशमुख साउथ कैंपस: सुबह 6:12 बजे (पहले 6:00 बजे)
- आईपी एक्सटेंशन: सुबह 6:53 बजे (पहले 6:00 बजे)
- सराय काले खां: सुबह 6:36 बजे (पहले 6:15 बजे)
जाफराबाद-मौजपुर के बीच रात में सेवा स्थगित
निर्माण कार्य के चलते 9 मई तक रात 11:03 बजे के बाद जाफराबाद से मौजपुर-बाबरपुर सेक्शन के बीच मेट्रो सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी। इस दौरान यात्रियों को अन्य परिवहन विकल्पों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
मजलिस पार्क से अंतिम मेट्रो अब आधे घंटे देर से
रात में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर यह है कि 5 से 9 मई तक मजलिस पार्क स्टेशन से अंतिम मेट्रो रात 11:00 बजे के बजाय अब 11:30 बजे चलेगी। इससे देर रात सफर करने वालों को सुविधा मिलेगी।
डीएमआरसी का यात्रियों के लिए संदेश
दिल्ली मेट्रो (Delhi Metro) प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे मेट्रो की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल एप या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए रूट और टाइमिंग से जुड़ी जानकारी नियमित रूप से चेक करते रहें ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ये भी पढ़ें : Asaduddin Owaisi : “अब पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त आ गया है” पहलगाम हमले पर बोले ओवैसी
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

