बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव आज सिंगापुर से भारत वापस आ रहे हैं। वे 76 दिन बाद भारत वापस आ रहे हैं। बता दें कि लालू प्रसाद यादव काफी समय से किडनी की समस्या से पीड़ित थे। किडनी ट्रांसप्लांट करवाने के लिए लालू यादव पिछले साल दिसंबर में ही सिंगापुर गए थे।
लालू यादव की एक बेटी सिंगापुर में ही रहती है। लालू यादव के वापस भारत लौटने की जानकारी रोहिणी आचार्य ने ही ट्वीट करके दी है। रोहिणी ने भावुक अपील करते हुए कहा “आप सबसे एक जरूरी बात कहनी है। यह जरूरी बात हम सबों के नेता आदरणीय लालू जी के स्वास्थ्य को लेकर है। 11 फरवरी को पापा सिंगापुर से भारत जा रहे है। मैं एक बेटी के तौर पर अपना फर्ज अदा कर रही हूं। पापा को स्वस्थ्य कर आप सब के बीच भेज रही हूं। अब आप लोग पापा का ख्याल रखिएगा.”
बता दें कि 5 दिसंबर 2022 को सिंगापुर में लालू यादव का किडनी ट्रांसप्लांट किया गया था। उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने ही अपने पिता को किडनी डोनेट किया है. लालू की सात बेटियों और दो बेटों में रोहिणी दूसरे नंबर की बेटी हैं।
बहरहाल, अभी भी देखा जाए तो लालू यादव की सेहत पूरी तरह से ठीक नहीं है। उनको कई तरह की सावधानिया बरतनी होगी। हालांकि लालू यादव के वापस आ जाने के बाद बिहार की राजनीती में एक बार फिर गहमागहमी बढ़ जाएगी। अभी बिहार की राजनीती में काफी उथल पुथल मचा हुआ है। लालू के वापस आने के बाद महागठबंधन में फिर से नई गतिविधियां हो सकती है। लालू को फिलहाल कई मामलों पर निर्णय भी लेना है। साथ ही 2024 लोकसभा और 2025 बिहार चुनाव के लिए भी रणनीति तैयार करनी है।

