Delhi : राजधानी दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी स्थित तैमूर नगर इलाके में नाले के किनारे बने अवैध निर्माणों के खिलाफ डीडीए (दिल्ली विकास प्राधिकरण) की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। सोमवार को शुरू हुई यह डेमोलिशन ड्राइव मंगलवार को भी पूरी सख्ती के साथ चलती रही। इलाके में किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए दिल्ली पुलिस, अर्धसैनिक बल और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की भारी तैनाती की गई है।
यह कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद की जा रही है। दरअसल, तैमूर नगर नाले के पुनर्विकास और चौड़ीकरण की परियोजना में अवैध अतिक्रमण बाधा बन रहे थे। हाईकोर्ट ने डीडीए को अवैध निर्माणों को हटाने का निर्देश दिया था, जिसके बाद प्राधिकरण ने सोमवार को बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की शुरुआत की।
पहले दिन, नाले से नौ मीटर की दूरी तक बने झुग्गियों और अन्य संरचनाओं को ध्वस्त किया गया। दूसरे दिन मंगलवार को, डीडीए ने एक स्कूल बिल्डिंग और बहुमंजिला फ्लैट को भी गिरा दिया, जो नाले के बहुत पास बने हुए थे। डीडीए अधिकारियों ने बताया कि ये सभी निर्माण सरकारी जमीन पर बिना किसी वैध अनुमति या नक्शे के बनाए गए थे। अधिकारियों के मुताबिक, तैमूर नगर नाले की सफाई और चौड़ीकरण जरूरी है, ताकि बरसात के समय जलभराव की समस्या को रोका जा सके।
स्थानीय लोगों में नाराजगी
हालांकि प्रशासन की इस कार्रवाई से स्थानीय निवासियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से यहां रह रहे हैं, लेकिन अब अचानक उन्हें बेदखल किया जा रहा है।एक स्थानीय निवासी ने बताया हमें सिर्फ पांच-छह दिन पहले नोटिस दिया गया कि हमें जमीन खाली करनी होगी। हम कोर्ट भी गए थे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब हमारी छत छिन ली गई है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
डीडीए अधिकारियों (Delhi) ने संकेत दिए हैं कि यह डेमोलिशन ड्राइव अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगी, क्योंकि क्षेत्र में अभी भी कई अवैध निर्माण मौजूद हैं। अधिकारियों का कहना है कि पुनर्विकास परियोजना के तहत नाले की स्थिति को सुधारे बिना बाढ़ और जलभराव जैसी समस्याओं से निपटना असंभव है।
ये भी पढ़ें : Asaduddin Owaisi : “अब पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त आ गया है” पहलगाम हमले पर बोले ओवैसी
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

