Delhi : राजधानी दिल्लीवासियों के लिए सार्वजनिक परिवहन को और अधिक सुगम और सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अब दिल्ली की कॉलोनियों से नमो भारत ट्रेन के स्टेशनों तक पहुंचना और आसान हो गया है। ‘देवी’ नामक नई इलेक्ट्रिक मिनी बसों को राजधानी के प्रमुख नमो भारत स्टेशनों से जोड़ा गया है, जिससे फर्स्ट और लास्ट माइल कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार देखने को मिल रहा है।
दिल्ली सरकार के परिवहन बेड़े में हाल ही में शामिल की गईं 400 नई इलेक्ट्रिक मिनी बसों को ‘देवी’ नाम दिया गया है। इन बसों को विशेष रूप से उन इलाकों के लिए डिजाइन किया गया है, जहां पहले बड़ी बसें नहीं पहुंच पाती थीं। आकार में छोटी होने के कारण ये बसें कॉलोनियों और संकरी गलियों में आसानी से प्रवेश कर सकती हैं।
दिल्ली में परिवहन को मिलेगी रफ्तार
नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एनसीआरटीसी) और दिल्ली (Delhi) ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (डीटीसी) की आपसी सहमति से तीन प्रमुख रूटों पर इन बसों का संचालन शुरू किया गया है:
- न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन से आनंद विहार आईएसबीटी
- आनंद विहार आईएसबीटी से अशोक नगर बॉर्डर
- अशोक नगर बॉर्डर से मयूर विहार फेस-3 पेपर मार्केट
ये बसें सुबह 6:30 बजे से रात 11:00 बजे तक संचालित की जाएंगी, जिससे ऑफिस जाने वाले, छात्र और आम यात्री सभी को लाभ मिलेगा। इन रूटों पर देवी बसों के संचालन से चिल्ला गांव, सपेरा बस्ती, न्यू कोंडली, दल्लूपुरा, गाजीपुर गांव, मंडी, धर्मशिला क्रॉसिंग और त्रिलोकपुरी जैसे क्षेत्रों के लोग सीधे नमो भारत नेटवर्क से जुड़ गए हैं।
इस पहल से दिल्लीवासियों को निजी वाहन छोड़कर सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे शहर की सड़कों पर ट्रैफिक और प्रदूषण में भी कमी आने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें : Asaduddin Owaisi : “अब पाकिस्तान को सबक सिखाने का वक्त आ गया है” पहलगाम हमले पर बोले ओवैसी
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

