Delhi News : दिल्ली पुलिस ने राजधानी के अधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पैदल गश्त और एरिया डोमिनेशन अभियान को तेज़ कर दिया है। यह अभियान विशेष रूप से आतंकवाद विरोधी रणनीति, असामाजिक तत्वों पर निगरानी और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल देने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
पैदल गश्त से बढ़ेगी पुलिस की उपस्थिति और निगरानी
नई दिल्ली के डीसीपी देवेश कुमार महला ने बताया कि जब किसी क्षेत्र में अधिक भीड़ होती है, तो वहां पर पैदल गश्त को प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा इसका मकसद केवल एरिया डोमिनेशन नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि वहां कोई अवैध गतिविधि, संदिग्ध व्यक्ति या असामाजिक तत्व तो नहीं है। यह आतंकवाद विरोधी रणनीति का भी हिस्सा है।
बम स्क्वॉड भी सक्रिय, रैंडम चेकिंग जारी
दिल्ली पुलिस ने बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) और बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) की मदद से रैंडम चेकिंग भी शुरू की है। ये चेकिंग उन इलाकों में की जा रही है जहां पर भीड़ की संभावना अधिक होती है जैसे मेट्रो स्टेशन, बाजार, धार्मिक स्थल और बस अड्डे।
दिल्ली पुलिस की यह पहल न केवल एरिया सिक्योरिटी को मज़बूत कर रही है, बल्कि आम जनता को भी सुरक्षा का एहसास दिला रही है। ज्वाइंट सीपी संजय कुमार जैन ने कहा दिल्ली पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कानून-व्यवस्था को लेकर सख्ती का संदेश
इस जनरल गश्त मुहिम (Delhi News) के जरिए दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि राजधानी में किसी भी प्रकार की अस्थिरता या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कदम से न केवल अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी, बल्कि त्योहारों, राजनीतिक कार्यक्रमों और भीड़भाड़ वाले मौकों पर भी पुलिस की तत्परता देखने को मिलेगी।
ये भी पढ़ें : Delhi News : पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में आज व्यापारियों का ‘दिल्ली बंद’, 100 से अधिक बाजारों में रहेगा सन्नाटा
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

