त्रिपुरा विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां अपनी – अपनी तैयारियां तेज कर दी है। चुनाव जैसे – जैसे नजदीक आ रहा है राजनीतिक सरगर्मी और तेज होती जा रही है। लगातार दूसरी बार सत्ता में आने के लिए भाजपा अपना भरपूर एड़ी चोटी का जोर लगा रही है। ऐसे में अब भाजपा अपना सबसे बड़ा दांव खेलने जा रही है।
भाजपा ने अपना सबसे बड़ा चेहरा प्रधानमंत्री मोदी से चुनाव प्रचार करवाने का निर्णय लिया है। आज प्रधानमंत्री मोदी त्रिपुरा में दो जनसभाओं को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी धलाई जिले के अंबासा में दोपहर 12 बजे और गोमती में दोपहर तीन बजे रैली को संबोधित करेंगे।
दरअसल प्रधानमंत्री मोदी भाजपा के लिए तुरुप का एक्का हैं। देश में प्रधानमंत्री की लोकप्रियता इस कदर है कि वह जहाँ भी चुनाव प्रचार के लिए जाते हैं चुनाव का माहौल ही बदल देते हैं। भाजपा को इस बार भी प्रधानमंत्री की रैली से काफी उम्मीदें हैं। भाजपा लगातार दूसरी बार सत्ता में आने के लिए प्रयासरत है। त्रिपुरा के सीएम माणिक साहा, भाजपा के राज्य चुनाव प्रभारी महेश शर्मा और पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य महाराजा बीर बिक्रम एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे।
गौरतलब है कि सत्ताधारी दल भाजपा इस बार त्रिपुरा की 60 विधानसभा सीटों में से 55 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। बाकि के पांच सीटें अपने सहयोगी दल इंडिजिनियस पीपुल्स पार्टी त्रिपुरा (आईपीएफटी) को दी हैं। भाजपा ने अपने सभी 55 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। बता दें कि त्रिपुरा में वाम दल और कांग्रेस एक साथ चुनाव लड़ रही है। दोनों दल मिलकर पूरे 60 सीटों पर ताल ठोक रही है।
भाजपा यह चुनाव जीतने के लिए अपनी पूरी स्टार प्रचारकों की टीम लगा दी है। लगातार केंद्रीय मंत्रियों और दूसरे प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से जनसभाओं का आयोजन करवा रही है। हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने त्रिपुरा में दो रैली और एक रोड शो किया था। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी त्रिपुरा में चुनाव प्रचार कर चुके हैं।
हाल ही में भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र जारी किया था। इस दौरान उन्होनें एक जनसभा को संबोधित भी किया था।
त्रिपुरा की सभी 60 सीटों पर 16 फरवरी को विधानसभा चुनाव होगा, जबकि मेघालय और नगालैंड में 27 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। मेघालय और नगालैंड में भी 60-60 सीटें हैं। इन तीनों राज्यों में चुनाव के नतीजों का एलान 2 मार्च को किया जाएगा।

