CM Yogi : जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी शुभम द्विवेदी की क्रूर हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। बुधवार देर रात जब शुभम का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव हाथीपुर पहुंचा, तो पूरे गांव में मातम पसर गया। एंबुलेंस के सायरन की आवाज ने जैसे पूरे इलाके के सन्नाटे को तोड़ दिया और परिजनों के आंसू, चीखें और शोक की लहरें हर दिशा में गूंज उठीं।
परिवार के लोग और गांववासी रात दो बजे से ही शुभम के शव का इंतजार कर रहे थे। एंबुलेंस घर के बाहर रुकी तो माहौल गमगीन हो गया। शुभम के पिता को संभालना मुश्किल हो गया। दादी, चाची, बुआ और मामी शव से लिपटकर बिलख पड़ीं। शुभम की शादी महज दो महीने पहले ही हुई थी। दादी ने रोते हुए कहा, “भगवान ने बहू का सुहाग छीन लिया।
शहीद शुभम द्विवेदी की अंतिम विदाई पर बोले सीएम योगी
इस दुखद मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी हाथीपुर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सीएम योगी ने कहा “22 अप्रैल को पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों पर जो हमला हुआ, वह कायरतापूर्ण, क्रूर और अमानवीय है। शुभम द्विवेदी जैसे नौजवान को आतंकवादियों ने अपना निशाना बनाकर एक पूरे परिवार को तोड़ दिया। यह हमला सभ्य समाज के खिलाफ है और यह दर्शाता है कि आतंकवाद अब अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है।
उन्होंने (CM Yogi) आगे कहा भारत सरकार की आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अब निर्णायक मोड़ पर है। प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में लिए गए फैसले, गृह मंत्री का दौरा और हमारी रणनीति। ये सब मिलकर आतंकवाद के ताबूत पर अंतिम कील ठोकने का कार्य करेंगे।
शुभम के अंतिम संस्कार की तैयारी प्रशासन की निगरानी में की गई है। ड्योढी घाट पर शुभम को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। जिला प्रशासन और कमिश्नरी पुलिस द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था की व्यापक तैयारियां की गई हैं। सीएम योगी ने आश्वस्त करते हुए कहा, “हमारी डबल इंजन की सरकार इस प्रकार की बर्बर घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगी। जो जहर फैलाया जा रहा है, उसे कुचलने का कार्य किया जाएगा। हम आतंकवाद और उसके आकाओं को न्याय के कठघरे में लाकर रहेंगे। देश को प्रधानमंत्री पर पूरा भरोसा है।
ये भी पढ़ें : Delhi : दिल्ली से जम्मू-कश्मीर तक गूंजा आतंकवाद के खिलाफ आक्रोश, कारोबारियों ने दिल्ली बंद का किया ऐलान
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

