Pahalgam Attack : जम्मू-कश्मीर के खूबसूरत पर्यटन स्थल पहलगाम में मंगलवार (22 अप्रैल) को हुए भीषण आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई, जिनमें महाराष्ट्र के 6 पर्यटक भी शामिल हैं। इस नृशंस हमले ने देश को हिला कर रख दिया है और पूरे राज्य में शोक की लहर फैल गई है।
महाराष्ट्र के छह पर्यटकों की हुई दुर्भाग्यपूर्ण मौत
हमले में जान गंवाने वालों में संजय लेले, दिलीप देसाले, हेमंत जोशी, अतुल मोने, कौस्तुभ गनबोटे और संतोष जगदाले शामिल हैं। इन सभी के पार्थिव शरीर को श्रीनगर से उनके गृहनगर भेजा जा रहा है।
संजय लेले और दिलीप देसाले के शव एयर इंडिया की फ्लाइट से श्रीनगर से मुंबई लाए जा रहे हैं। हेमंत जोशी और अतुल मोने के पार्थिव शरीर को दोपहर 1:15 बजे की फ्लाइट से मुंबई भेजा गया कौस्तुभ गनबोटे और संतोष जगदाले के शव शाम 6 बजे श्रीनगर से रवाना होकर पुणे पहुंचाए जाएंगे। मुंबई एयरपोर्ट पर अंतिम व्यवस्थाओं का समन्वय मंत्री आशीष शेलार और मंगलप्रभात लोढ़ा देख रहे हैं, जबकि पुणे एयरपोर्ट पर यह जिम्मेदारी मंत्री माधुरीताई मिसाल को सौंपी गई है। साथ ही, मंत्री गिरीश महाजन श्रीनगर रवाना हो चुके हैं, जहां अन्य फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
“हम बच तो गए, लेकिन बहुत डर गए”
हमले की भयावहता को एक प्रत्यक्षदर्शी महिला पर्यटक ने बयां किया, जो महाराष्ट्र से अपने परिवार के साथ कश्मीर घूमने गई थीं। उन्होंने बताया हम पहले कटरा में रुके थे, फिर पहलगाम आए। पहलगाम में घुड़सवारी करते हुए हम ऊंचाई वाली जगह पर पहुंचे, जहां कुछ लोगों ने कश्मीरी कपड़े पहनकर फोटो खिंचवाने का ऑफर दिया। उस समय ही हमें कुछ अजीब लगा और हम घबरा गए। वहां से जैसे ही निकले, करीब 15 मिनट बाद आतंकी हमला हो गया। हम बहुत डर गए।
महिला पर्यटक ने आगे बताया कि उनकी मां की तबीयत हमले की खबर सुनते ही बिगड़ गई। मम्मी को ब्लड प्रेशर और थायरॉइड की दिक्कत है। जैसे ही उन्हें हमले की जानकारी मिली, वो टेंशन में आ गईं। फिर डॉक्टर को बुलाना पड़ा। अब हमें लग रहा है कि जितना जल्दी हो सके, अमरावती वापस लौट जाना चाहिए।
सरकार से सुरक्षा की अपील
पर्यटकों (Pahalgam Attack) ने सरकार से मांग की है कि पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाए, ताकि ऐसी घटनाएं फिर न हों। महिला पर्यटक ने कहा: “हम घूमने आए थे, लेकिन इस हमले ने सब कुछ बदल दिया। अब डर लग रहा है। सरकार से निवेदन है कि सबके लिए सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
ये भी पढ़ें : Delhi-NCR Weather : दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का कहर जारी, पारा 41 डिग्री के पार
ये भी देखें : Bihar Politics : बिहार की राजनीतिक हलचल का क्या है मामला, खरगे-तेजश्वी ने मिलाया हाथ | Niwan Time

