उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज “यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023” का शुभारंभ किया गया। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया है। यह तीन दिवसीय कार्यक्रम है। इस समिट में देश के सबसे बड़े उद्योगपतियों में शुमार और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी भी शामिल हुए। उन्होने इस समिट को विकास का महाकुंभ करार दिया। इसके अलावा अंबानी ने उत्तर प्रदेश की तारीफ भी की है। उन्होने तारीफ करते हुए कहा कि यूपी भारत का उत्तम प्रदेश बन रहा है।
‘यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट’ को संबोधित करते हुए मुकेश अंबानी ने कहा कि प्रदेश के अन्नदाता अब ऊर्जादाता बनेंगे। उन्होने आगे कहा कि ‘जिस तरह से भारत पूरी दुनिया के लिए आशा का केंद्र बन गया है, वैसे ही उत्तर प्रदेश भारत के आशा का केंद्र बन गया है। नोएडा से गोरखपुर तक इंफ्रास्ट्रचर दिखा है, ये उत्तम प्रदेश के रूप में उभर रहा है।’
रिलायंस इंडस्ट्री के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने इस दौरान उत्तर प्रदेश में बड़ी निवेश की घोषणा की है। अंबानी ने उत्तर प्रदेश में अगले चाल वर्षों के दौरान 75 हजार करोड़ रुपए के निवेश की घोषणा की है। इस निवेश से तकरीबन 1 लाख नए रोजगार पैदा होने की संभावना जताई जा रही है। लखनऊ में आयोजित “यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023” में बोलते हुए मुकेश अंबानी ने बड़ा दावा किया है। इस दावे में अंबानी ने कहा कि 5 वर्षों के भीतर ही उत्तर प्रदेश 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
अंबानी ने ऊर्जा क्षेत्र में निनेश को लेकर भी बड़ी घोषणा की है। उन्होनें घोषणा करते हुए कहा कि ‘रिलायंस उत्तर प्रदेश में 10 GW की रिन्यूबल एनर्जी क्षमता को स्थापित करेगा। बता दें कि यह उत्तर प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी अक्षय ऊर्जा परियोजना होगी। कंपनी ने यूपी में बायो-गैस एनर्जी बिजनेस में उतरने की भी घोषणा की है। इस पर मुकेश अंबानी ने कहा कि बायो-गैस से पर्यावरण में सुधार तो होगा ही किसानों को भी बड़ा लाभ होगा और ‘हमारे किसान अन्नदाता तो हैं ही, अब ऊर्जादाता भी बनेंगे’।
राज्य के गांवों और छोटे शहरों में किफायती शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा के लिए रिलायंस ने जियो प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से दो पायलट प्रोजेक्ट्स जियो-स्कूल और जियो-एआई-डॉक्टर की भी घोषणा की। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने 2023 के अंत तक यूपी के सभी शहरों और गांवों में 5जी रोलआउट करने की बात भी कही।

