NCR Weather Update : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान दिल्ली-NCR में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि रात के समय हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इससे कुछ इलाकों में दृश्यता पर असर पड़ सकता है और हल्की असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
19 अप्रैल को भी मौसम खराब रहने की संभावना
IMD के अनुसार, 19 अप्रैल को भी दिल्ली-एनसीआर में मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दिन भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। गरज के साथ धूल भरी आंधी और तेज़ हवाएं चलने का अनुमान है, जिनकी गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जो कभी-कभी 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी पहुंच सकती है।
इस दिन अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
20 अप्रैल से मौसम में धीरे-धीरे सुधार
20 अप्रैल को मौसम थोड़ा सामान्य रहेगा। इस दिन आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हवाएं 10 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेंगी। अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
21 से 23 अप्रैल तक रहेगा साफ आसमान
मौसम विभाग के मुताबिक, 21, 22 और 23 अप्रैल को आसमान साफ रहेगा और किसी प्रकार की बारिश या आंधी-तूफान की संभावना नहीं है। इन दिनों अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि, राहत की बात यह है कि इन तारीखों में लू चलने की आशंका नहीं जताई गई है।
24 अप्रैल से बढ़ेगा तापमान
24 अप्रैल को तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दिन अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा सकता है। हालांकि, इस दिन भी लू चलने की संभावना नहीं है।

