बिहार में राजनीतिक पारा गर्म है। जदयू के अंदर सियासत की राजनीति तेज हो गयी है। उपेंद्र कुशवाहा के बगावती तेवर दिखाने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री ने पूर्णिया में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कहा कि अब लगता है कि उपेंद्र कुशवाहा का एलाइनमेंट कहीं और हो गया है।
वे जहां जाना चाहे जाएं, वे स्वतंत्र हैं। मुख्यमंत्री की तल्ख तेवर के बाद एक बार फिर बिहार की सियासत गर्म हो गयी है। दरअसल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पूर्णिया में समीक्षा बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने केंद्र सरकार पर पूर्णिया में एयरपोर्ट निर्माण को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र के चलते पूर्णिया में एयरपोर्ट निर्माण का मामला अटक गया है। राज्य सरकार की ओर से सभी आवश्यक कार्रवाई पूरी कर केंद्र सरकार को सूचित कर दिया गया है। अब निर्माण का कार्य केंद्र सरकार को शुरू करना है।
नीतिश कुमार ने पत्रकारों से कहीं बड़ी बातें
इसके बाद पत्रकारों ने उपेंद्र कुशवाहा के बगावती तेवर को लेकर सीएम नीतीश कुमार से सवाल पूछा। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों को जवाब देते हुए कहा कि पार्टी ने उपेंद्र कुशवाहा को पूरा सम्मान दिया। उनके निवेदन पर उन्हें पार्टी में दोबारा लिया गया था लेकिन अब लगता है उनका एलाइनमेंट कहीं और हो गया है। वे जहां जाना चाहे स्वतंत्र हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसके बाद भाजपा के खिलाफ विपक्ष को एक जुट करने की अपनी तैयारी को लेकर भी बताया। उन्होंने कहा कि पूरे देश में विपक्ष को एकजुट करने की मुहिम पूर्णिया से शुरू होगी। इसके लिए 25 फरवरी को पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में महागठबंधन की संयुक्त रैली आयोजित की गई है। पूर्णिया के बाद पूरे बिहार में एकजुटता को मजबूत किया जाएगा। इसके बाद देश के अन्य हिस्सों में इसे अभियान का रूप दिया जाएगा।
गौरतलब है कि जदयू संसदीय बोर्ड के सदस्य रहे उपेंद्र कुशवाहा ने बगावती तेवर अपना दिखाया है। वह नीतीश कुमार से अगले विधानसभा चुनाव को लेकर जदयू की तरफ से मुख्यमंत्री चेहरा को लेकर मांग कर रहे है। उपेंद्र कुशवाहा की मांग है कि तेजस्वी के नेतृत्व में चुनाव नहीं लड़ा जाए। जदयू अपना चेहरा उतारे। तेजस्वी जदयू के कार्यकर्ता नहीं है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह से भी सवाल किया और कहा कि उन्हें बताना चाहिए कि राजद से कितने में डील हुई है।
इसके अलावा उपेंद्र कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार लगातार जदयू को कमजोर कर रहे हैं। कुशवाहा ने कहा कि जदयू नीतीश कुमार की नहीं, शरद यादव की पार्टी थी। वरिष्ठ समाजवादी नेता जार्ज फर्नांडिस ने आशीर्वाद के रूप में नीतीश को समता की कमान सौंपी थी, जो 2003 में जदयू में विलीन हो गई। अब यह किसी व्यक्ति की नहीं, लाखों-करोड़ों लोगों की पार्टी है।

