Delhi Encounter : रोहिणी जिले के बेगमपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की देर रात एंटी-टेररिस्ट स्क्वाड (एएटीएस) और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। इस मुठभेड़ के दौरान लगभग आधा दर्जन गोलियां चलीं, जिसमें से दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिनसे घायल अवस्था में उन्हें रोहिणी स्थित आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दर्ज हैं 100 से ज्यादा आपराधिक मामले
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सुल्तानपुरी निवासी गोविंदा, पीतमपुरा गांव निवासी कृष्णा और मुरादाबाद निवासी दाऊद के रूप में हुई है। जांच में यह सामने आया कि गोविंदा पर अकेले ही 100 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि कृष्णा और दाऊद भी कई आपराधिक वारदातों में शामिल हैं। कृष्णा के खिलाफ 40 और दाऊद पर एक दर्जन से अधिक अपराध दर्ज हैं।
पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर घेरा
रोहिणी जिला पुलिस अधिकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने बेगमपुर के पास इन बदमाशों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। जैसे ही बदमाशों ने पुलिस टीम को देखा, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक गोली पुलिसकर्मी के बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
चोरी की कार और हथियार बरामद
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बदमाशों से चोरी की एक क्रेटा कार और दो पिस्टल बरामद की हैं। इस घटना के बाद क्राइम और एफएसएल टीम को सूचना दी गई और टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अब इन बदमाशों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
ये भी पढ़ें : Delhi : रेखा गुप्ता ने यमुना को साबरमती की तरह संवारेने की योजना की पेश, 1500 करोड़ का निवेश
ये भी देखें : Vadodara Car Accident के आरोपी Rakshit Chourasiya का बड़ा दावा, “घटना के वक्त वह ‘नशे में’ नहीं था”

