Delhi: राजधानी दिल्ली में जल्द ही यमुना नदी पर क्रूज चलाने की तैयारी पूरी हो गई है। मंगलवार (11 मार्च) को इस ऐतिहासिक परियोजना के तहत असिता पार्क में एक बड़ा समझौता (MoU) साइन किया जाएगा। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मंत्री प्रवेश वर्मा और कपिल मिश्रा मौजूद रहेंगे।
यमुना में सौर ऊर्जा और बैटरी से चलने वाला क्रूज
दिल्ली के चिन्हित यमुना क्षेत्र में सोलर और इलेक्ट्रिक बैटरी से चलने वाले क्रूज सेवा की शुरुआत होने जा रही है। यह क्रूज शुरुआत में सोनिया विहार से जगतपुर तक संचालित होगा। यह यात्रा करीब 7 से 8 किलोमीटर की होगी। क्रूज सोनिया विहार से चलकर जगतपुर तक जाएगा और फिर वापसी करेगा।
दिल्ली सरकार ने शुरू की तैयारियां
दिल्ली सरकार और दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (DTTDC) इस प्रोजेक्ट को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो चुके हैं। सरकार गठन के तुरंत बाद इस योजना पर काम शुरू कर दिया गया था। अब जल्द ही डीटीटीसी क्रूज के संचालन के लिए ऑपरेटर की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करेगा।
पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
यमुना नदी में क्रूज सेवा शुरू होने से दिल्ली में जल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा और साथ ही पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे। दुनिया के कई बड़े शहरों में नदियों पर क्रूज सेवा एक प्रमुख पर्यटन आकर्षण का केंद्र होती है। अब दिल्ली भी इस सूची में शामिल होने जा रही है, जिससे पर्यटकों को एक नया अनुभव मिलेगा।
यमुना की सफाई पर सरकार का फोकस
दिल्ली सरकार लंबे समय से यमुना नदी की सफाई को लेकर अभियान चला रही है। इस क्रूज प्रोजेक्ट का एक प्रमुख उद्देश्य यमुना को फिर से स्वच्छ और आकर्षक बनाना है। बीते वर्षों में बढ़ते प्रदूषण को लेकर कई बार चिंता जताई गई है। यमुना की सफाई को लेकर कई योजनाएं शुरू की गई हैं, और इस क्रूज सेवा को भी इसी दिशा में एक नई पहल के रूप में देखा जा रहा है।
अब दिल्ली के लोग अपने ही शहर में नदी में क्रूज यात्रा का आनंद ले सकेंगे। खास बात यह है कि पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए क्रूज पूरी तरह से इलेक्ट्रिक और सोलर पावर से संचालित होगा, जिससे किसी तरह का प्रदूषण नहीं होगा।
ये भी पढें..
दिल्ली की यमुना में पहली बार क्रूज सेवा
यमुना में पहली बार क्रूज सेवा की शुरुआत होने जा रही है, जिससे दिल्लीवासियों और पर्यटकों को एक अनोखा अनुभव मिलेगा। इस पहल से राजधानी का पर्यटन और भी आकर्षक बनेगा।