Maharashtra: महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अबू आजमी के औरंगजेब की तारीफ करने वाले बयान पर सियासत गर्मा गई है। शिवसेना (शिंदे गुट) ने उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, राज्य के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने भी अबू आजमी पर देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की है।
शिवसेना ने दर्ज कराई शिकायत
अबू आजमी के बयान को लेकर शिवसेना (शिंदे) ने मुंबई के मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। शिवसेना प्रवक्ता और पूर्व विधायक किरण पावसकर ने कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचकर यह शिकायत दर्ज कराई।
इसके अलावा, शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के की शिकायत के आधार पर ठाणे के वागले एस्टेट पुलिस स्टेशन में भी अबू आजमी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अबू आजमी पर देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की जा रही है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
पुलिस ने अबू आजमी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299, 302 और 356 के तहत मामला दर्ज किया है। माना जा रहा है कि इस कानूनी कार्रवाई से समाजवादी पार्टी के विधायक की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
क्या बोले थे अबू आजमी?
महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अबू आजमी ने सोमवार को एक बयान में कहा, “गलत इतिहास दिखाया जा रहा है। औरंगजेब ने कई मंदिर बनवाए। वह कोई क्रूर शासक नहीं थे।” उन्होंने आगे कहा, “बनारस में जब एक पंडित की बेटी के साथ उसके सिपहसालार ने बदतमीजी करने की कोशिश की, तो औरंगजेब ने उसे दो हाथियों के बीच बंधवाकर मरवा डाला। बाद में उन पंडितों ने औरंगजेब के लिए एक मस्जिद बनाकर भेंट की। वह एक अच्छे प्रशासक थे और उन्होंने जो किया, वह सही किया। अगर कोई और राजा होता, तो वह भी यही करता।”
आजमी ने यह भी दावा किया कि औरंगजेब के शासनकाल में भारत की जीडीपी 24% थी और देश को “सोने की चिड़िया” कहा जाता था। उन्होंने कहा, “इतिहास में कई गलत बातें बताई गई हैं। औरंगजेब ने कई मंदिर भी बनवाए थे।”
ये भी पढें..
Greater Noida: कोतवाली दादरी पुलिस ने 50 लाख की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया
राजनीतिक संग्राम तेज
अबू आजमी के बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में भूचाल आ गया है। शिवसेना (शिंदे गुट) और भाजपा ने इस बयान की कड़ी निंदा की है और अबू आजमी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस पूरे घटनाक्रम पर अब सबकी निगाहें टिकी हुई हैं कि पुलिस इस मामले में आगे क्या कदम उठाएगी।

