Ghaziabad: गाजियाबाद के बम्हेटा क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां चार बदमाशों ने एक डेयरी संचालक पर जानलेवा हमला कर उसका प्राइवेट पार्ट काटकर ले गए। यह घटना 28 फरवरी की रात की बताई जा रही है।
पीड़ित के भांजे जितेंद्र का आरोप है कि इस हमले के पीछे एक किन्नर गुरु का हाथ है, जिसने अपने चार चेलों को इस अपराध को अंजाम देने के लिए भेजा था।
नशीला पदार्थ सुंघाकर किया बेहोश
जितेंद्र के अनुसार, उनके 48 वर्षीय मामा संजय यादव घटना वाली रात घेर में अकेले सो रहे थे। रात करीब 11 बजे चार युवक वहां पहुंचे और उन्हें पकड़कर नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वे बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपियों ने धारदार हथियार से उनका प्राइवेट पार्ट काटकर अपने साथ ले गए।
होश में लाने के लिए गर्म पानी डाला
पीड़ित के होश में आने के बाद बदमाशों ने उनके शरीर पर गर्म पानी डाल दिया, जिससे वे दर्द से तड़प उठे। इसके बाद आरोपियों ने किसी “पारो गुरु” नामक व्यक्ति को फोन कर बताया कि “काम पूरा हो गया है।” बदमाशों के जाने के बाद घायल संजय ने किसी तरह अपने भांजे जितेंद्र को फोन कर घटना की जानकारी दी।
इलाज के दौरान पुलिस की बेरुखी
परिजनों ने पहले घायल को मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन बाद में उन्हें मेरठ के गढ़ रोड स्थित अजय अस्पताल रेफर कर दिया गया। जितेंद्र का आरोप है कि वेव सिटी पुलिस ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की और तीन दिनों तक टालमटोल करती रही। इसके बाद उन्होंने पुलिस आयुक्त से मामले की शिकायत की।
ये भी पढें..
महेंद्र हत्याकांड से जुड़ा हो सकता है मामला
घायल संजय यादव का कहना है कि यह घटना बीते साल लाल कुआं के पास मानसरोवर पार्क कॉलोनी में हुए महेंद्र हत्याकांड से जुड़ी हो सकती है। संजय, महेंद्र के करीबी दोस्त थे, और इसी वजह से उन पर यह हमला किया गया हो सकता है।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब जांच में जुट गई है। स्थानीय लोगों में इस निर्मम हमले को लेकर भारी आक्रोश है और वे अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

