Delhi Weather Update: राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश के बाद बीते दो दिनों से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही थी, लेकिन अब तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में बारिश की कोई संभावना नहीं है। 4 और 5 मार्च को दिल्ली में तेज हवाएं चलेंगी, लेकिन इसके बाद गर्मी में तेजी से इजाफा होगा।
29 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली में धुंध छाए रहने की संभावना जताई है। इस दिन अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सफदरजंग वेधशाला के अनुसार, अगले पांच दिनों के दौरान तापमान में आंशिक उतार-चढ़ाव होगा, लेकिन यह स्थिर बना रहेगा। 6 मार्च से तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
रविवार को सामान्य से कम रहा तापमान
रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम था। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, इस दिन न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी में आर्द्रता का स्तर 81 प्रतिशत से 33 प्रतिशत के बीच रहा।
दिल्ली में लगातार तीसरे दिन प्रदूषण से राहत
वेदर एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, मार्च के शुरुआती 6-7 दिनों तक मौसम सामान्य बना रहेगा। 3 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत हैं, लेकिन इसका असर केवल पहाड़ी इलाकों तक सीमित रहेगा। इससे दिल्ली के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
वायु गुणवत्ता ‘मध्यम’ श्रेणी में बरकरार
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, रविवार शाम 6 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 122 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। एक्यूआई शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में माना जाता है।

