Noida: नोएडा से दिल्ली जाने वालों के लिए राहत की खबर है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आने वाले नोएडा में ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने के लिए रोड नंबर-1 पर सेक्टर-3 रजनीगंधा अंडरपास के पास से सेक्टर-57 चौराहे तक एलिवेटेड रोड बनाने की योजना शुरू कर दी गई है। इस परियोजना को लेकर नोएडा प्राधिकरण ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। एलिवेटेड रोड के बनने से यात्रियों को पांच रेड लाइट से छुटकारा मिलेगा, जिससे सफर सुगम और तेज़ हो सकेगा।
पुरानी योजना को फिर से मिली गति
इस परियोजना का शिलान्यास वर्ष 2015-16 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया था, लेकिन बाद में यह योजना ठंडे बस्ते में चली गई थी। अब नोएडा अथॉरिटी ने इस प्रोजेक्ट को फिर से शुरू करने की तैयारी कर ली है।
कब शुरू होगा निर्माण कार्य?
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, यह एलिवेटेड रोड तकरीबन 5 किलोमीटर लंबी होगी और डीएनडी फ्लाईवे से आने वाले ट्रैफिक को राहत देगी। इस प्रोजेक्ट को आधिकारिक मंजूरी मिल चुकी है और अब इसे परीक्षण के लिए आईआईटी रुड़की भेजा गया है। आईआईटी रुड़की इस सड़क की उपयोगिता, संभावनाओं और डिजाइन पर रिपोर्ट तैयार करेगा। इस रिपोर्ट के आधार पर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाई जाएगी, जिससे इस प्रोजेक्ट की लागत का आकलन किया जाएगा। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस एलिवेटेड सड़क के निर्माण में 600 से 700 करोड़ रुपये तक का खर्च आ सकता है।
जाम से मिलेगी राहत
ऑफिस आवर में सुबह और शाम के समय नोएडा के रजनीगंधा चौक से सेक्टर-12-22-56 तिराहे तक भारी ट्रैफिक देखने को मिलता है। कई बार शाम के समय गाड़ियां रेंगती हुई नजर आती हैं। आने वाले समय में वाहनों की संख्या बढ़ने से ट्रैफिक का दबाव और भी अधिक हो सकता है। यह सड़क औद्योगिक सेक्टरों और कई आवासीय इलाकों से जुड़ी हुई है, जिससे इस मार्ग का महत्व और भी बढ़ जाता है।
इसके अलावा, गाजियाबाद के खोड़ा और इंदिरापुरम इलाकों से दिल्ली जाने वाले लोग भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं, जिससे यह सड़क पहले से ही अत्यधिक व्यस्त रहती है।
अन्य प्रमुख परियोजनाएं
गौरतलब है कि इस समय नोएडा में डीएससी रोड पर भंगेल एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। वहीं, दिल्ली के चिल्ला रेगुलेटर से नोएडा के महामाया फ्लाईओवर तक चिल्ला एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य भी अगले तीन से चार महीनों में शुरू होने की उम्मीद है।
ये भी पढें..
अखिलेश यादव ने किया था शिलान्यास, लेकिन…
समाजवादी पार्टी के शासनकाल में सेक्टर-10 से सेक्टर-12-22 तिराहे तक एलिवेटेड रोड का शिलान्यास किया गया था, लेकिन बाद में इस परियोजना को आगे नहीं बढ़ाया गया। 2017 में भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद भी इस प्रोजेक्ट पर कुछ समय तक जोर दिया गया, लेकिन जल्द ही यह ठंडे बस्ते में चला गया। अब, सालों बाद, नोएडा अथॉरिटी ने इस योजना को फिर से गति देने का निर्णय लिया है।
अब देखना होगा कि यह परियोजना कब तक पूरी होती है और नोएडा से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को ट्रैफिक से राहत कब तक मिलती है।

