Delhi News: दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार जल्द ही महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता योजना शुरू करने जा रही है। चुनावी वादे के तहत, सरकार ‘महिला समृद्धि योजना’ लॉन्च करेगी, जिसके तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को योजना के लिए नियम और शर्तें तय करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, सरकार इस योजना के लिए आवश्यक फंड की व्यवस्था में भी जुटी हुई है।
अन्य भाजपा शासित राज्यों की योजनाओं से होगी तुलना
महिला समृद्धि योजना को अंतिम रूप देने से पहले, भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में चल रही इसी तरह की योजनाओं का अध्ययन किया है। इन राज्यों में महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए ‘लाडली बहना योजना’ (मध्य प्रदेश), ‘महतारी वंदना योजना’ (छत्तीसगढ़) और ‘सुभद्रा योजना’ (ओडिशा) लागू हैं। दिल्ली सरकार की प्रस्तावित योजना भी इसी तर्ज पर तैयार की जा रही है, जिसमें गरीब परिवारों की महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान किया जाएगा।
आय सीमा होगी निर्धारित
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में लागू योजनाओं के तहत उन्हीं महिलाओं को लाभ मिलता है, जिनके परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होती। दिल्ली में भी इसी प्रकार की आय सीमा तय की जा सकती है, हालांकि, यह सीमा अधिक हो सकती है, क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी में प्रति व्यक्ति वार्षिक आय 4.6 लाख रुपये से अधिक है।
सरकारी नौकरी वालों को नहीं मिलेगा लाभ
छत्तीसगढ़ की महतारी वंदना योजना, ओडिशा की सुभद्रा योजना और मध्य प्रदेश की लाडली बहना योजना के तहत उन परिवारों की महिलाओं को लाभ नहीं मिलता, जिनका कोई सदस्य सरकारी नौकरी में कार्यरत हो या पेंशन प्राप्त कर रहा हो। दिल्ली में भी इस तरह की शर्त लागू होने की संभावना है, जिससे सरकारी कर्मचारियों के परिवार इस योजना के दायरे से बाहर रहेंगे।
इनकम टैक्स पेयर्स को नहीं मिलेगा लाभ
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में यह शर्त भी रखी गई है कि योजना का लाभ केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगा, जिनका परिवार इनकम टैक्सपेयर नहीं है। संभावना है कि दिल्ली सरकार भी इस नियम को अपनाएगी, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को ही इस योजना का लाभ मिल सके।
सरकार जल्द ही योजना की आधिकारिक घोषणा कर सकती है और पात्रता मानदंडों को अंतिम रूप देकर इसे लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाएगी।

