Ghaziabad: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) पर सोमवार शाम एक कार 10 किलोमीटर तक गलत दिशा में दौड़ती रही। घटना की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार को रोककर सीज कर दिया। चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर 7,000 रुपये का चालान भी काटा गया।
कैमरों में कैद हुई कार की हरकत
सोमवार शाम करीब 6 बजे एनएचएआई कंट्रोल रूम से ट्रैफिक पुलिस को सूचना मिली कि एक मारुति इग्निस कार छिजारसी कट के पास विपरीत दिशा में दौड़ रही है। यह कार मेरठ से दिल्ली जाने वाली लेन में गलत दिशा में वापस मेरठ की ओर बढ़ रही थी। एनएचएआई कंट्रोल रूम के कैमरों में यह दृश्य कैद होते ही पुलिस को सतर्क कर दिया गया।
आईपीईएम कॉलेज के पास रोकी गई कार
यातायात पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए आईपीईएम कॉलेज के सामने डीएमई एंट्री प्वाइंट पर निगरानी बढ़ा दी। करीब 6 बजकर 10 मिनट पर जब कार इस प्वाइंट पर पहुंची, तो ट्रैफिक रोककर पहले उसे एक्सप्रेसवे से बाहर निकाला गया। इसके बाद कार को सीज कर क्रासिंग रिपब्लिक थाना परिसर में खड़ा कराया गया।
गलत दिशा में गाड़ी क्यों दौड़ाई?
पुलिस जांच में पता चला कि कार चालक नोएडा सेक्टर-81 निवासी अमित कुमार अपने परिवार के साथ मेरठ से नोएडा जा रहे थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें डीएमई से आईपीईएम प्वाइंट पर बाहर निकलना था, लेकिन वह कट छूट गया। उन्हें लगा कि आगे नोएडा सेक्टर-62 मॉडल टाउन पर भी कट मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। यूपी गेट तक जाने की बजाय उन्होंने वहीं से कार मोड़ दी और एक्सप्रेसवे पर गलत दिशा में चलने लगे।
ये भी पढें..
Noida: नोएडा में बैंककर्मी हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
चालक पर मुकदमा दर्ज, 7 हजार का चालान
यातायात पुलिस में तैनात दारोगा विमल कुमार तिवारी ने चालक के खिलाफ दूसरों की जान जोखिम में डालने और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया। इसके साथ ही सात हजार रुपये का चालान भी किया गया।
एसीपी ट्रैफिक जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एक्सप्रेसवे पर यातायात नियमों का पालन करें और ऐसी खतरनाक हरकतों से बचें, जिससे जान-माल की हानि हो सकती है।

