Noida: नोएडा इकोटेक-3 थाना क्षेत्र में बैंक कर्मचारी मंजीत मिश्रा की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी प्रिंस उर्फ बंटी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया था, लेकिन पुलिस टीम को देखते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
15 लाख की सुपारी देकर करवाई गई थी हत्या
पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि बैंक कर्मचारी मंजीत मिश्रा की 21 फरवरी को डी पार्क के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मिश्रा के साले समेत दो लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। जांच में सामने आया कि मंजीत मिश्रा की हत्या 15 लाख रुपये की सुपारी देकर करवाई गई थी।
पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार, मंजीत मिश्रा ने प्रेम विवाह किया था और उनका अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। इसको लेकर दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते रहते थे। परिजनों ने हत्या का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि प्रिंस उर्फ बंटी इस हत्या में शामिल था और तभी से उसकी तलाश जारी थी।
ये भी पढें..
मुठभेड़ के दौरान आरोपी हुआ घायल
पुलिस ने बताया कि आरोपी प्रिंस की लोकेशन नोएडा में ट्रेस की गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। इस मुठभेड़ में प्रिंस घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

