Mahakumbh 2025: आस्था के सबसे बड़े समागम प्रयागराज महाकुंभ में श्रद्धालुओं का आगमन मंगलवार को भी जारी रहा। संगम में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 64 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है। प्रयागराज के जिलाधिकारी रवींद्र मांदड़ ने महाशिवरात्रि पर्व को लेकर प्रशासनिक तैयारियों के बारे में बताया कि शिवरात्रि को लेकर सभी शिवालयों में स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
महाशिवरात्रि स्नान के लिए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था
महाकुंभ में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए छह और आईपीएस अधिकारियों की तैनाती की गई है। पहले से ही 40 से अधिक आईपीएस अफसरों को प्रयागराज में तैनात किया गया है। प्रयागराज डीएम ने बताया कि सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है और महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान कराने की पूरी तैयारी कर ली गई है।
नो व्हीकल जोन घोषित
सरकार के अनुसार, 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के अंतिम स्नान पर्व तक गंगा और संगम में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 65 करोड़ को पार कर सकती है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मेला क्षेत्र को मंगलवार शाम 4:00 बजे से नो व्हीकल जोन घोषित कर दिया गया है, जबकि कमिश्नरेट प्रयागराज शाम 6:00 बजे से नो व्हीकल जोन रहेगा।
श्रद्धालुओं के लिए प्रशासन की अपील
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी स्नान घाटों पर ही डुबकी लगाएं। दक्षिणी झूंसी से आने वाले श्रद्धालुओं को ऐरावत घाट पर स्नान करने की सलाह दी गई है। सुबह 10:00 बजे तक 50.76 लाख श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा चुके थे। महाकुंभ में श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है और अब तक कुल 63.87 लाख लोग स्नान कर चुके हैं।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, यातायात सुचारू
एडीजी प्रयागराज भानु भास्कर ने कहा कि महाकुंभ में अब तक स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 64 करोड़ को पार कर गई है। एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है। इसके अलावा महाकुंभ के सभी शिवालयों में पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है।
ये भी पढें..
महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़
महाशिवरात्रि के अवसर पर मेला क्षेत्र के सभी घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। भक्त स्नान के बाद मंदिरों के दर्शन भी कर रहे हैं। एडीजी प्रयागराज ने बताया कि अब तक 41 लाख से अधिक श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। अंतिम स्नान को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने किया स्वागत
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने महाकुंभ में आए श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा, “महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर मैं पूरे प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देता हूं। भगवान भोलेनाथ की कृपा सभी पर बनी रहे। सरकार ने श्रद्धालुओं के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।”
श्रद्धालुओं ने पीएम मोदी और सीएम योगी का जताया आभार
गुजरात के अहमदाबाद से आए एक श्रद्धालु ने महाकुंभ के सफल आयोजन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए एक बैनर प्रदर्शित किया। इस बैनर में सफाई कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों को भी धन्यवाद दिया गया।
महाकुंभ में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है और महाशिवरात्रि पर्व के अंतिम स्नान तक श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।

