Noida: यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में प्रस्तावित इंटरनेशनल फिल्म सिटी के विकास की प्रक्रिया तेज हो गई है। 27 फरवरी को बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्राइवेट लिमिटेड को 230 एकड़ भूमि का भौतिक कब्जा सौंपा जाएगा। इस दौरान कंपनी के चेयरमैन एवं फिल्म निर्माता बोनी कपूर अपने परिवार के साथ भूमि का आधिकारिक अधिग्रहण करेंगे।
फिल्म सिटी परियोजना के तहत यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने परियोजना विभाग को जमीन का कब्जा सौंपने की पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। संभावना जताई जा रही है कि अगले महीने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस महत्वाकांक्षी फिल्म सिटी का शिलान्यास कर सकते हैं।
फिल्म सिटी के विकास की योजना तैयार
यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-21 में बनने वाली इंटरनेशनल फिल्म सिटी के लिए बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्रा. लि. ने 18 प्रतिशत राजस्व हिस्सेदारी की बोली लगाकर निविदा हासिल की थी। पहले चरण में 230 एकड़ भूमि पर फिल्म सिटी का निर्माण प्रस्तावित है।
कंपनी ने फिल्म सिटी के भू-उपयोग संबंधी योजना को पहले ही यमुना प्राधिकरण को स्वीकृति के लिए भेजा था, जिसे जनवरी में मंजूरी दी गई थी। साथ ही, आंतरिक विकास के लिए मानचित्र तैयार करने के निर्देश भी दिए गए थे। कंपनी ने आंतरिक ढांचे के विकास का पूरा खाका तैयार कर लिया है और अब भूमि का कब्जा लेने के साथ ही मानचित्र स्वीकृति के लिए आवेदन करने की तैयारी में है।
ये भी पढें..
तीन साल में शुरू हो सकती हैं शूटिंग
यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि 27 फरवरी को आवंटित जमीन का कब्जा फिल्म सिटी के विकासकर्ता बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्रा. लि. को सौंप दिया जाएगा। इसके अलावा, जमीन की तारबंदी कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। यदि किसानों ने इस जमीन पर फसल बो रखी है, तो उन्हें उचित मुआवजा देकर कब्जा लिया जाएगा।
फिल्म सिटी का निर्माण कार्य अगले माह से शुरू होने की संभावना है। मानचित्र स्वीकृत होने के बाद परियोजना में और तेजी आएगी। कंपनी ने तीन साल के भीतर फिल्म सिटी में शूटिंग एवं अन्य गतिविधियां शुरू करने का लक्ष्य तय किया है।

