Greater Noida: ग्रेटर नोएडा वेस्ट इलाके में गंदा पानी पीने से चार सोसाइटी के कई लोग बीमार हो गए हैं। पानी में खतरनाक कीटाणु पाए गए हैं, जिससे स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है। सबसे ज्यादा प्रभावित अरिहंत गार्डन, इको विलेज 1, हवेलियां वेलेनिसिया और पंचशील हाईनिस सोसाइटी के लोग हैं, जहां पेट दर्द, उल्टी और डायरिया के कई मामले सामने आए हैं। कुछ गंभीर मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।
पानी की जांच में खतरनाक कीटाणु पाए गए
पानी की जांच में अरिहंत गार्डन में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया और इको विलेज 1 में ई-कोलाई जैसे खतरनाक कीटाणु पाए गए हैं। इससे साफ है कि पानी दूषित है और इसे पीने से गंभीर बीमारियां हो सकती हैं।
इको विलेज 1 की रहने वाली रंजना भारद्वाज और अरिहंत गार्डन के AOA प्रेसिडेंट निशीथ चतुर्वेदी ने बताया कि सोसाइटी में बीते कई दिनों से लोग बीमार हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि पानी की पाइपलाइन कई जगह से क्षतिग्रस्त है, जिससे गंदगी पानी में मिल रही है। स्थिति इतनी खराब है कि लोग मजबूरी में पानी उबालकर या बाहर से पानी खरीदकर पीने को मजबूर हैं।
प्रशासन ने शुरू की जांच, 50 से ज्यादा लोग बीमार
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और बिसरख स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने बीमार लोगों की मदद के लिए स्वास्थ्य कैंप लगाए हैं। अब तक 50 से ज्यादा लोग बीमार हो चुके हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जीएम राजेश गौतम ने कहा कि प्राधिकरण सिर्फ सोसाइटी के गेट तक पानी सप्लाई करता है, जबकि सोसाइटी के अंदर पानी की पाइपलाइन की देखभाल बिल्डर और AOA की जिम्मेदारी होती है। उन्होंने बताया कि अब प्राधिकरण ने भी पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
बिल्डर को नोटिस, होगी सख्त कार्रवाई
प्राधिकरण ने इस मामले में बिल्डर्स को नोटिस जारी किया है। यदि जांच में उनकी लापरवाही साबित होती है, तो उनके खिलाफ जुर्माना और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोसाइटी के निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि गंदे पानी की समस्या जल्द से जल्द ठीक की जाए। लोगों का कहना है कि गर्मी में वैसे ही पानी की किल्लत बनी रहती है, ऊपर से गंदे पानी ने उनकी परेशानियां और बढ़ा दी हैं।

