Noida News: नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बैंककर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी मंजीत मिश्रा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मिश्रा का एक साल पहले दूसरी जाति की युवती से प्रेम विवाह हुआ था, जिसके बाद से ससुराल पक्ष से उनका विवाद चल रहा था।
लहूलुहान हालत में मिला शव, अस्पताल में हुई पुष्टि
डीसीपी (जोन-2) शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मंजीत मिश्रा सुबह अपने बैंक के डेटा ऑफिस के लिए निकले थे, लेकिन कुछ देर बाद उन्हें डी पार्क के पास लहूलुहान हालत में पाया गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मिश्रा को गोली मारी गई थी।
ससुराल पक्ष पर हत्या का शक, पुलिस ने किया मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार, मिश्रा की शादी के बाद से ही उनके ससुराल पक्ष से विवाद चल रहा था। परिजनों ने आरोप लगाया कि मृतक के ससुर और साले ने पहले भी जान से मारने की धमकी दी थी। इसको लेकर इंदिरापुरम थाने में मामला दर्ज किया गया था और दोनों पक्षों के बीच सुलह भी हुई थी।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मृतक के ससुर और साले का आपराधिक इतिहास रहा है। परिजनों की शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

