Noida News: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। छात्र अपने दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर परीक्षा का एडमिट कार्ड लेने स्कूल जा रहा था, तभी सड़क पर स्टंट कर रील बना रहे एक ट्रैक्टर चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
ट्रैक्टर स्टंट बना मौत की वजह
नोएडा पुलिस के अनुसार, 17 वर्षीय ललित अपने दोस्त मुनेश के साथ बाइक से झंझार गांव स्थित इंटर कॉलेज जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक ट्रैक्टर चालक, जो सड़क पर स्टंट करते हुए वीडियो बना रहा था, ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में ललित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपी चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश
रबूपुरा थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक ललित के पिता सुंदर पाल की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और फरार आरोपी चालक की तलाश जारी है।
परिवार में मातम, गमगीन माहौल
मृतक के पिता सुंदर पाल ने बताया कि उनका बेटा 10वीं की परीक्षा की तैयारी कर रहा था, लेकिन ट्रैक्टर चालक की लापरवाही ने उसकी जान ले ली। इस दर्दनाक हादसे के बाद से परिवार सदमे में है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

