Gold Price Today: सोने की कीमत गुरुवार को अपने सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गई। राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 50 रुपये बढ़कर 89,450 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। इससे पहले बुधवार को यह 89,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 50 रुपये की बढ़त के साथ 89,050 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
चांदी की कीमतों में भी जोरदार तेजी देखने को मिली। यह 700 रुपये उछलकर 1,00,300 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में यह 99,600 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
वायदा बाजार में तेजी
वैश्विक बाजारों में मजबूती के रुख के बीच मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर अप्रैल डिलीवरी के लिए सोने के वायदा भाव 500 रुपये बढ़कर 86,410 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गए। वहीं, मार्च डिलीवरी वाली चांदी वायदा 1,224 रुपये यानी 1.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 97,630 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने में तेजी देखी गई। न्यूयॉर्क स्थित कॉमेक्स बाजार में अप्रैल डिलीवरी वाला सोना वायदा 36.81 डॉलर यानी 1.25 प्रतिशत बढ़कर 2,972.91 डॉलर प्रति औंस के नए शिखर पर पहुंच गया।
ट्रंप की टैरिफ नीति का असर
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ कमोडिटी विश्लेषक सौमिल गांधी ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीति को लेकर जारी अटकलों के कारण सोना नई ऊंचाइयों पर पहुंचा। ट्रंप ने घोषणा की है कि वह लकड़ी, वाहन, सेमीकंडक्टर और फार्मास्यूटिकल्स पर नए टैरिफ लगाएंगे। इससे वैश्विक व्यापार युद्ध की आशंका बढ़ गई है, जिससे सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की मांग में इजाफा हुआ है।
ये भी पढ़ें..
Delhi: दिल्ली में सरकार बदलते ही परिवहन विभाग के छह अधिकारियों पर गिरी गाज, CBI ने किया गिरफ्तार
भू-राजनीतिक चिंताओं से सोने की मांग बढ़ी
एलकेपी सिक्योरिटीज के वीपी रिसर्च जतीन त्रिवेदी ने कहा कि कमजोर डॉलर इंडेक्स और अमेरिका में जारी टैरिफ समायोजन की अनिश्चितता ने सोने की कीमतों को और मजबूती दी है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा यूक्रेन-रूस युद्ध को लेकर दिए गए बयान और चीन के साथ व्यापार समझौते को लेकर बनी असमंजस की स्थिति के कारण भी सोने की कीमतों में तेजी देखी जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर वैश्विक बाजार में अनिश्चितता बनी रहती है, तो आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में और उछाल देखने को मिल सकता है।

