Delhi CM Rekha Gupta: दिल्ली को आखिरकार नया मुख्यमंत्री मिल गया है। बीजेपी विधायक दल की बैठक में रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगाई गई है। वहीं, सीएम पद की दौड़ में आगे चल रहे प्रवेश वर्मा को उप-मुख्यमंत्री बनाया गया है। इसके अलावा, विजेंद्र गुप्ता को दिल्ली विधानसभा का स्पीकर नियुक्त किया गया है।
शपथ ग्रहण समारोह कल रामलीला मैदान में
रेखा गुप्ता और प्रवेश वर्मा बुधवार को दोपहर 12:30 बजे रामलीला मैदान में भव्य समारोह में शपथ लेंगे। इस दौरान नए मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य भी शपथ लेंगे। बीजेपी आलाकमान ने विधायक दल की बैठक की निगरानी के लिए वरिष्ठ नेता ओपी धनखड़ और रविशंकर प्रसाद को पर्यवेक्षक नियुक्त किया था।
26 साल बाद दिल्ली में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत
दिल्ली में 26 साल बाद बीजेपी ने जबरदस्त जीत दर्ज की है। 8 फरवरी को घोषित चुनाव नतीजों में बीजेपी ने 70 में से 48 सीटें जीतीं। हालांकि, मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा में 11 दिन लग गए, जिस पर विपक्षी आम आदमी पार्टी (AAP) लगातार सवाल उठा रही थी।
चुनाव नतीजों के बाद सीएम पद के लिए कई नाम चर्चा में थे, जिनमें प्रवेश वर्मा का नाम सबसे आगे था। वर्मा ने नई दिल्ली सीट से आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को हराकर बड़ी जीत हासिल की थी। वे पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं।
कौन हैं दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता?
रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी और इस समय देश में दूसरी महिला सीएम बनेंगी। वे शालीमार बाग से विधायक हैं और उन्होंने AAP नेता बंदना कुमारी को 29,595 वोटों के अंतर से हराया।
रेखा गुप्ता को 68,200 वोट, जबकि बंदना कुमारी को 38,605 वोट मिले। कांग्रेस के प्रत्याशी प्रवीण जैन सिर्फ 4,892 वोट ही हासिल कर पाए।
राजनीतिक सफर और अनुभव
रेखा गुप्ता हरियाणा के जींद की रहने वाली हैं और बीजेपी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ (DUSU) में सचिव और अध्यक्ष पद संभाला। 2007 और 2012 में वे उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद बनीं। हालांकि, पिछले दो विधानसभा चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

