Delhi New CM: दिल्ली में दो दशक बाद सत्ता में वापसी करने वाली भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) आज (19 फरवरी 2025) को नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा करेगी। शाम तक होने वाली बीजेपी विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री पद के लिए अंतिम नाम तय किया जाएगा। इससे पहले पार्टी की संसदीय बोर्ड की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पर्यवेक्षकों के नाम घोषित किए गए।
पर्यवेक्षक बनाए गए रविशंकर प्रसाद और ओम प्रकाश धनखड़
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि पार्टी ने दिल्ली में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद तथा राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। यह दोनों पर्यवेक्षक विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा करेंगे।
शाम 6:15 बजे होगी विधायक दल की बैठक
मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगाने के लिए बीजेपी विधायक दल की बैठक शाम 6:15 बजे होगी। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल होंगे। बैठक के बाद पर्यवेक्षक मुख्यमंत्री के नाम की औपचारिक घोषणा करेंगे।
जेपी नड्डा ने पहले ही कर ली थी विधायकों से चर्चा
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर कई दावेदारों के नाम सामने आ रहे हैं। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 11 फरवरी को 10 नवनिर्वाचित विधायकों से मुलाकात की थी, जिनमें विजेंद्र गुप्ता, रेखा गुप्ता, अरविंदर सिंह लवली, अजय महावर, सतीश उपाध्याय, शिखा राय, अनिल शर्मा, डॉ. अनिल गोयल, कपिल मिश्रा और कुलवंत राणा शामिल थे। माना जा रहा है कि इनमें से 3-4 विधायक मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे हैं।
रामलीला मैदान में होगा शपथ ग्रहण समारोह
मुख्यमंत्री पद के लिए चयनित उम्मीदवार जल्द ही शपथ ग्रहण करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा, जिसमें बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। यह समारोह सुबह 11 बजे शुरू होगा और इसमें भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की संभावना है।
दिल्ली के राजनीतिक परिदृश्य में यह बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है, जिसमें बीजेपी एक बार फिर से सत्ता में लौट रही है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि दिल्ली की कमान किसे सौंपी जाएगी।

