Delhi-NCR Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जल्द ही मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 19 और 20 फरवरी को एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसके असर से दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है। साथ ही, इन दो दिनों के दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं।
18 फरवरी से दिखेगा मौसम का बदलाव
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 18 फरवरी से ही दिल्ली-एनसीआर में मौसम में बदलाव महसूस किया जाने लगेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज होने का अनुमान है।
IMD के मुताबिक, 19 फरवरी को सुबह के समय हल्की धुंध छाने की संभावना है, जबकि दोपहर में आंशिक रूप से बादल रह सकते हैं। रात में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं और तेज़ हवाएं चलने की संभावना है।
20 फरवरी को बादल और बारिश के आसार
20 फरवरी को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। सुबह के वक्त हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि दिन में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।इसके बाद 21 से 23 फरवरी के बीच मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि, इन दिनों भी हल्के बादल छाए रहने की उम्मीद है।

