कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गाँधी के बयान के बाद उत्तर प्रदेश में सियासी पारा एक बार फिर बढ़ गया है। राहुल गाँधी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर विवादित बयान दिया है। इस बयान के बाद यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने राहुल गाँधी से बयान वापस लेने को कहा है। इसके अलावा मौर्या ने राहुल गाँधी द्वारा उपयोग किये गए भाषा की निंदा की है।
दरअसल, राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ठग कहा है। राहुल गांधी ने यह बयान सोमवार को सामाजिक संगठनों के भारत जोड़ो अभियान के तहत दिया है। राहुल गांधी ने योगी आदित्यनाथ पर धर्म को लेकर विवादित बोल बोले हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गाँधी ने कहा कि योगी जी को अगर हिंदू धर्म समझ आता, तो वो जो करते हैं नहीं करते। वो अपने मठ का अपमान कर रहे हैं। वो धार्मिक नेता नहीं, मामूली ठग हैं।
राहुल गाँधी ने आगे कहा कि देश की सबसे अधिक आबादी वाले राज्य यानि उत्तर प्रदेश में बीजेपी जो कर रही है, वो अधर्म है। राहुल गांधी ने यह बात राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में संपन्न भारत जोड़ो यात्रा पर सिविल सोसाइटी के सदस्यों के साथ बातचीत के दौरान कही।
दरअसल राहुल गाँधी से एक महिला ने प्रश्न पूछा कि यूपी में धर्म की आंधी चल रही है और कांग्रेस क्या करेगी ? इस प्रश्न के उत्तर में राहुल ने कहा कि आपने कहा कि उत्तर प्रदेश में धर्म की आंधी है। ये धर्म नहीं है। मैंने इस्लाम के बारे में पढ़ा, ईसाई धर्म के बारे में पढ़ा। यहूदी और बौद्ध धर्म के बारे में भी पढ़ा है। हिंदू धर्म मैं समझता हूं और कोई भी धर्म नफरत फैलाने की बात नहीं करता। राहुल गांधी ने कहा कि तपस्या बंद करने पर व्यक्ति भ्रम में पड़ जाता है। इसके इतर राहुल गाँधी ने कांग्रेस को तपस्वियों की पार्टी करार दिया है। भारत जोड़ो यात्रा के बारे में राहुल ने कहा कि आगे और भी कोशिश होगी।

