Champions Trophy 2025: भारतीय क्रिकेट टीम चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए शनिवार को रवाना हो गई। टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान रोहित शर्मा समेत कुछ खिलाड़ी मुंबई से निकले हैं। टीम इंडिया दो हिस्सों में दुबई पहुंचेगी। टीम का दूसरा बैच भी जल्द ही रवाना होगा। वाशिंगटन सुंदर पहले बैच का हिस्सा हैं और वे रोहित शर्मा के साथ मुंबई एयरपोर्ट पर नजर आए।
मुंबई से दुबई के लिए रवाना हुआ पहला बैच
टीम इंडिया का पहला बैच मुंबई से दुबई के लिए रवाना हो गया है। भारत का पहला मुकाबला बांग्लादेश से 20 फरवरी को खेला जाएगा। हेड कोच गौतम गंभीर, कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, वाशिंगटन सुंदर, ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या और शुभमन गिल मुंबई एयरपोर्ट पर दिखे। ये सभी खिलाड़ी टीम इंडिया के पहले बैच का हिस्सा हैं।
श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल भी हुए रवाना
टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज श्रेयस अय्यर और ऑलराउंडर अक्षर पटेल भी दुबई के लिए रवाना हो गए हैं। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा भी टीम इंडिया के पहले बैच में शामिल हैं और वे भी दुबई के लिए उड़ान भर चुके हैं।
भारत का चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में शेड्यूल
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का पहला मैच पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा, जो कराची में आयोजित होगा। भारत का पहला मुकाबला 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ होगा। इसके बाद 23 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। वहीं, 2 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी।